Monday 28 June 2021

सुशोभित - गांधी की सुंदरता

रिचर्ड एटेनबरो की फ़िल्म "गांधी" का रिव्यू लिखते हुए विष्णु खरे ने कहा था- "गांधी जी कभी भी सौंदर्य और पौरुष की प्रतिमा नहीं थे, अलबत्ता यह इस पर निर्भर करता है कि सौंदर्य और पौरुष के आपके मानदंड क्या हैं!"

वहीं अन्यथा गांधी जी के कटु आलोचक रजनीश ने एक सहानुभूतिपूर्ण क्षण में कहा था कि जैसे जैसे गांधी जी बूढ़े होते गए, उनका व्यक्तित्व आकर्षक होता गया। अपनी युवावस्था में वे बहुत साधारण थे। किंतु जीवन के अंतिम दौर में वे बहुत सुंदर हो गए थे। फिर इसके बाद रजनीश ने जोड़ा, जब आप बुढ़ापे में युवावस्था से भी अधिक सुंदर हो जाते हैं तो माना जा सकता है कि आपने एक समृद्ध जीवन जिया है।

सौंदर्य के हमारे मानदंड क्या हैं, इस पर सच में ही बहुत कुछ निर्भर करता है। पुरुष-सौंदर्य के भी बहुतेरे मानक हैं। केश कुन्तल हों, मोर मुकुट हो, सुरुचिपूर्ण अंगवस्त्र हो, हाथ में धनुष हो या सुदर्शन चक्र, संन्यासी के गैरिक वस्त्र हों या इनमें से कुछ नहीं, केवल एक धोती हो, अलंकार के नाम पर केवल एक चश्मा हो- यह आपके पैमानों से तय होता है कि आपके लिए सुंदर क्या है।

मैं जब गांधी जी का यह चित्र देखता हूं तो सौंदर्य की इस मूरत पर मंत्रमुग्ध हो जाता हूं। जीवन भर के तप, धैर्य, परिश्रम, संकल्प और संघर्ष के ताप में कुंदन की तरह निखरी काया। छरहरा किंतु गठा हुआ शरीर। मुंडा सिर, आंख पर गोल फ्रेम का चश्मा, पकी मूंछों में चांदी के तार, हाथों में सितार के जैसे चरखे की डोर, उघड़ा बदन, उन्नत कंधे, चौड़ा सीना, सुघड़ घुटने, और विश्रांति से भरे पांव, जिन्होंने असंख्य मील लम्बी यात्राएं की थीं। और, व्यक्तित्व में ठहराव, गम्भीरता, आश्वस्ति, संतुलन, और एक अनन्य गरिमा। इस मनोहारी रूपछवि ने तीस और चालीस के दशक में स्वाधीनता आंदोलन की गहमागहमियों के परे गांधी जी को दुनिया के कौतूहल का केंद्र बना दिया था।

1931 में जब गांधी जी लंदन गए तो उनकी एक झलक देखने भीड़ उमड़ पड़ी। फिरंगियों में कौतूहल था कि उनके अपराजेय साम्राज्य को चुनौती देने वाला, उसे झुकने को विवश कर देने वाला भारत का यह अहिंसक जननायक कैसा दिखता होगा। जिस दिन गांधी जी लंदन पहुंचे, उस दिन वर्षा हो रही थी और यूरोप की हाड़ कंपा देने वाली सर्दी में वहां के जन मफ़लर-ओवरकोट में भी कांप रहे थे। तभी वह गौरवशाली भारत-मूर्ति लंदन के क्षितिज पर अवतरित हुई। पैरों में चप्पल, बदन पर लंगोट और शॉल, और उघड़े घुटने। भारत योगियों के देश के रूप में सदैव ही पश्चिम के लिए कौतूहल का विषय रहा है। उस दिन ब्रितानियों ने भारत देश के कर्मयोगी के दर्शन किए और सिर नवाया।

मीराबेन गांधी जी के साथ थीं। जब वो इंग्लैंड से भारत को चली थीं तो मेडलिन स्लेड कहलाती थीं। जब गांधी जी की शिष्या के रूप में लंदन आईं तो तपस्विनी बन चुकी थीं- जैसे बुद्ध की आम्रपाली, जैसे जीज़ज़ की मेरी मेग्दलीन। सभ्यता के सेतु को लांघकर दूसरी ओर चली गई उनकी अपनी मेडलिन को तब ब्रिटिश देखते ही रह गए।

किंतु गांधी जी के रूप-सौष्ठव पर सबसे ज़्यादा लट्‌टू होने वाली स्त्री का नाम था- मार्गरेट बूर्के व्हाइट। वह वर्ष 1946 में लाइफ़ मैग्ज़ीन की फ़ोटो-जर्नलिस्ट की हैसियत से भारत पहुंची। उसे गांधी जी के चरखे के प्रति बड़ा कौतूहल था। वो चरखा चलाते गांधी जी का छायांकन करना चाहती थी। आश्रमवासियों ने उसके सामने शर्तें रखीं कि उसे स्वयं चरखा चलाना होगा, आश्रम के नियमों का पालन करना होगा, बापू का मौनव्रत हो तो एक शब्द नहीं बोलना होगा और कैमरे के साथ फ़्लैश का इस्तेमाल नहीं करना होगा। मार्गरेट ने हर शर्त मान ली। गांधी जी के आगे-पीछे घूमते हुए उसने उनकी सैकड़ों तस्वीरें उतारीं। जब भी वो गांधी जी को किसी उम्दा फ्रेम में देखती तो मन ही मन एक कम्पोज़िशन बांधकर कहती- ठहरिए, एक तस्वीर लेना है। तब गांधी जी मुस्कराकर कहते- तुम तो भली टॉर्चरर हो, मार्गरेट!

गांधी जी की यह तस्वीर मार्गरेट ने ही उतारी है। वास्तव में गांधी जी की सबसे सुंदर तस्वीरें मार्गरेट के ही खाते में आई हैं। जैसे उसकी आंख में बसा अनुराग उसकी छायाकृतियों में उतर आया हो। ध्यान मुद्रा में बुद्ध, सलीब पर जीज़ज़ और चरखा चलाते गांधी जी- ये मनुष्यता के इतिहास की अमर छवियां बन गई हैं।

मार्गरेट अपना असाइनमेंट पूरा करके इंग्लैंड लौट गई, किंतु उसका मन गांधी जी में अटका रहा। 1948 में वो फिर लौटकर भारत आई। 30 जनवरी 1948 को जब गांधी जी की हत्या की गई, तब संयोग से वह भारत में ही थी। उसने उसी दिन गांधी जी का इंटरव्यू भी लिया था। यह भी संयोग है कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फ़ोटो-जर्नलिस्ट कहलाने वाले ऑनरी कार्तिएर ब्रेसां भी उस दिन दिल्ली में ही थे। जैसे ही ख़बर फैली कि गांधी जी को गोली मार दी गई है, ये दोनों बिड़ला हाउस की तरफ़ दौड़े। अफरातफरी का माहौल था और ये दोनों जानते थे कि उनके पास उम्दा कम्पोज़िशंस रचने का समय नहीं है। तब उन्होंने अवाक, स्तब्ध और शोकसंतप्त भारतीयों के बीसियों चित्र उतारे। बदहवास नेहरू जी की छवियां कैमरे में क़ैद कर लीं। और जब गांधी जी की देह को अंतिम दर्शन के लिए बिड़ला हाउस की प्राचीर पर प्रदर्शित किया गया तो उस नश्वर देह के अनेक छायाचित्र उतारे। 

गांधी फ़्यूनरल फ़ोटो एलबम ने ऑनरी कार्तिएर ब्रेसां को यूरोप का सितारा फ़ोटोग्राफ़र बना दिया था। जब गांधी जी की शवयात्रा निकली तो रेडियो पर एक कमेंटेटर ने कहा- लाखों की इस भीड़ में केवल एक ही चेहरा शांत और तन्मय है- स्वयं गांधी जी का।

मुझे नहीं मालूम मार्गरेट बूर्के व्हाइट ने उस दिन क्या सोचा होगा। किंतु गांधी जी के रूप-सौष्ठव पर आसक्त वह भूरे बालों वाली युवती निश्चय ही उन्हें यों अचल देखकर संतुष्ट नहीं हुई होगी। वो तो यही चाहती होगी कि यह कर्मठ रक्तपिंड उठे और चरखा चलाने लगे, ताकि वो खिलखिलाते हुए उसकी बारहा तस्वीरें उतार सके। लेकिन गांधी जी उस दिन उसकी फ़ोटो फ्रेम्स के बाहर चले गए थे। वो अब उनको टॉर्चर नहीं कर सकती थी।

यों भी, एक निरंतर सुंदर होता गया जीवन अपने उत्कर्ष के क्षण में इससे अधिक और क्या कर सकता था कि आंखें मूंदकर मौन हो जाए?

© सुशोभित
#vss

No comments:

Post a Comment