Sunday 11 July 2021

प्रवीण झा - स्कूली इतिहास (2)

हम हर दिन घर नहीं बदलते। हर दिन तो क्या हर महीने भी नहीं बदलते। लेकिन, हमारे पूर्वज अपनी जगह बदलते रहते थे। बेहतर फलों के लिए। बेहतर शिकार के लिए। बेहतर जगह छुपने के लिए। जहाँ घने जंगल हों, लंबी घास हो, आस-पास कोई नदी हो। वे ऐसे स्थान तलाशते-तलाशते सैकड़ों किलोमीटर चलते जाते। यह उनकी मर्ज़ी कि नयी जगह पर टिक जाएँ, या वापस लौट जाएँ। इसे ख़ानाबदोश (नोमैडिक) जीवन कहते हैं।

जब अमला का परिवार अफ़्रीका से चल कर आज के अरब या भारत तक आया होगा, तो उन्हें कितना वक्त लगा होगा? अगर वे रोज बीस-पच्चीस किलोमीटर चलते हों तो एक साल से कुछ अधिक वक्त। अगर वह महीना-दो महीना रुक-रुक कर चलते हों तो पाँच-दस साल भी लग गए होंगे। उनको कोई जल्दी तो थी नहीं। उन्हें तो खुद नहीं पता था कि वे कहाँ जा रहे हैं। शायद अमला का परिवार कभी पहुँच ही न पाया हो। उनके सौ साल बाद कोई दूसरा परिवार आया हो।

जब वे भारत आए तो क्या उन्हें किसी दूसरे आदमी का परिवार मिला? ऐसा परिवार जो उनसे पहले अफ़्रीका से भारत आ चुका हो? या एक ‘मेड इन इंडिया’ आदमी, जो भारत में ही इवॉल्व हुआ हो? 

एक पुरातत्वविद (आर्कियोलॉजिस्ट) को नर्मदा किनारे घूमते हुए कुछ मानव हड्डियाँ मिली, जो दो-ढाई लाख वर्ष पुरानी थी। वह नर्मदा-स्त्री कहलायी। इसी तरह तमिलनाडु में एक डेढ़ लाख वर्ष पुराने बच्चे की हड्डी मिली। उनके जैसे कई और मानव भारत में रहे होंगे। जब अफ़्रीका से मानव चल कर आए, तो उनको देख कर ‘हाय हेलो’ हुई होगी। संभव है उनसे झगड़े हुए हों, या प्यार हुआ हो। उनके बच्चे हुए हों। 

आज के मनुष्य ‘होमो सैपिएन्स सैपिएन्स’ कहलाते हैं। लेकिन, नर्मदा किनारे मिला कंकाल होमो सैपिएन्स का नहीं था। नर्मदा मानव जैसी होमो इरेक्टस प्रजातियाँ धीरे-धीरे खत्म हो गयी। अब सभी सैपिएन्स ही हैं, मगर हमारे अंदर किसी नर्मदा-स्त्री का अंश मिल सकता है। 

यह पता कैसे लगेगा कि हमारे अंदर किसका अंश है? उनके द्वारा छोड़े गए पत्थर के औजारों से, या मिट्टी के बर्तन से? इस तरह ढूँढते हुए तो उम्र बीत जाएगी। 

खुशी मनाइए कि हम ऐसे युग में हैं, जब हमारे पास जादू की छड़ी है। हमें कहीं कुछ ढूँढने की ज़रूरत नहीं। हमारे मुँह के अंदर एक रुई डाल कर हज़ारों वर्ष पुराने पूर्वज का पता निकल आएगा। हमारे डीएनए से! 
( क्रमशः )

#history #basics #groundzero #HistoryForChildren

The boomerang shaped area from present day Egypt to Iraq is called ‘Fertile crescent’, and cradle of civilization. Which were the two rivers associated with it?

A. Tigris and Babylonia
B. Indus and Nile
C. Sumer and Mesopotamia
D. Tigris and Euphratus

[Answer for Previous- C. Bering Strait was the probable site of land-bridge connecting Russia and North America]

प्रवीण झा
© Praveen Jha

स्कूली इतिहास (1)
http://vssraghuvanshi.blogspot.com/2021/07/1_10.html
#vss

No comments:

Post a Comment