Saturday 10 July 2021

प्रवीण झा - स्कूली इतिहास (1)

आज से बीस-तीस लाख वर्ष पहले हमारे पूर्वज अफ़्रीका के जंगलों में रहते होंगे। वे उन दिनों अन्य पशुओं की तरह जंगल के ही फल या पत्ते खाते होंगे। जब उन्होंने आग बनाना सीखा होगा, और जब वे पत्थर को घिस कर हथियार बनाने लगे होंगे, तो वे शिकार भी करने लगे होंगे। उनके घर कैसे होंगे? किसी गुफा में रहते होंगे, या यूँ ही घने पेड़ों की छाँव में। लाखों वर्षों तक वे यूँ ही शिकार करते अफ़्रीका में घूमते रहे। एक दिन घूमते-घूमते अफ़्रीका से निकल कर आज के इज़रायल की तरफ़ आ गए। वहाँ से किसी दिन भारत आ गए, यूरोप चले गए, ऑस्ट्रेलिया चले गए, अमरीका चले गए। 

हमें कैसे मालूम कि वह किस रास्ते से कहाँ आए?

मान लेते हैं कि एक लड़की थी अमला। उसका परिवार पूर्वी अफ़्रीका के जंगलों में रहता था। एक दिन कुछ मौसम खराब हुआ, तो वे सब भागने को मजबूर हुए। अमला का परिवार कई महीने जगह बदलता रहा। वे जहाँ-जहाँ रुकते, वहाँ कुछ पत्थर के औजार बनाते, और वहीं छोड़ कर अगली जगह चले जाते। कुछ मिट्टी के बर्तन भी वहीं छोड़ देते। ये पकी हुई मिट्टी और पत्थर हज़ारों वर्ष तक ज्यों-के-त्यों रह जाते हैं। 

हम कुल्हड़ में चाय पीकर खुश होते हैं कि वह प्लास्टिक की तरह नहीं है, वह मिट्टी की तरह गल जाएगी। सच तो यह है कि उस कुल्हड़ को वापस मिट्टी बनने में सदियों लग जाएँगे। अमला ने जिन कुल्हड़ों में पानी पीया होगा, वह वहीं कहीं मिट्टी में गड़ी मिल जाएगी। उन कुल्हड़ों से ही उसकी पूरी यात्रा थोड़ी-थोड़ी समझ आ जाएगी। जो लोग इस तरह पत्थर, मिट्टी के बर्तन आदि ढूँढते रहते हैं, वे पुरातत्ववेत्ता (आर्कियोलॉजिस्ट) कहलाते हैं।

जैसे एक व्यक्ति एक दिन ट्रेन में बैठ भोपाल से इटारसी जा रहे थे। उन्हें ट्रेन की खिड़कियों से कुछ अजूबे चट्टान नज़र आए। वह वहीं उतर गए। जब उन चट्टानों तक पहुँचे तो कई गुफाएँ दिख गयी। उनमें एक स्थान पर लाल रंग से बने चित्र दिखे, जिसमें कुछ लोग शिकार के लिए तीर-धनुष हाथ में लेकर खड़े हैं। ऐसे ही चित्र यूरोप में मिले, इज़राइल में मिले, अफ़्रीका में मिले, इंडोनेशिया में मिले। उस समय ये चित्र ही उनकी भाषा थी।

अगर आपसे कहूँ कि वाकई एक अमला थी, और उसका परिवार अफ़्रीका से चल कर पूरी दुनिया में पसर गया? यानी अफ़्रीका से बाहर का हर एक व्यक्ति एक ही पुरुष और एक ही महिला की वंशज है? 
( क्रमशः )

#history #basics #groundzero 

What was the land-bridge assumed to be used by early humans from present Russia to North America?

A. Diomeda Strait
ImagesB. Pak Strait
C. Bering Strait
D. Alaska land-bridge

(Yesterday’s Answer: A. 
Image of people with bow and arrow, were clubbed from mesolithic age Bhimbetka caves, roughly 5-10000 years back)

प्रवीण झा
© Praveen Jha

स्कूली इतिहास - भूमिका
http://vssraghuvanshi.blogspot.com/2021/07/blog-post_47.html
#vss

No comments:

Post a Comment