Wednesday 21 July 2021

प्रवीण झा - स्कूली इतिहास (11)


शहरी लोग कुछ नया करते रहते हैं, गाँव वाले अपनी पुरानी दुनिया में रहते हैं। शहर में गाड़ियाँ चलती थी, तो गाँव में बैलगाड़ियाँ। मगर दोनों का अपना च्वाइस था, अपनी ज़िंदगी। कुछ ऐसा ही आठ-दस हज़ार वर्ष पूर्व भी हुआ। 

जब कुछ आदमी जंगल जला कर खेती करने लगे, तो कुछ ने कहा, “हम शिकारी-बंजारे ही ठीक हैं। हम इस तरह जंगल खत्म कर खेती नहीं करेंगे।”

जो खेती करने लगे, वे सभ्य कहलाने लगे। जो जंगल में रहने लगे, वे जंगली। सभ्य लोगों की सभ्यता बनने लगी। जैसे दज़ला और फ़रात के पास बसी सुमेर सभ्यता। सिंधु नदी के निकट बलूच इलाके में मेहरगढ़। ग्रीस के द्वीपों में मिनोअन, दक्षिण अमरीका में नॉर्टे चिको। नील नदी के किनारे मिस्र सभ्यता। इस तरह अन्य स्थानों पर भी खेती-बाड़ी शुरू हुई।

खेती के लिए औजार पैने चाहिए थे। पत्थरों को अधिक घिस कर बेहतर औजार बनने लगे। जैसे हँसिया, कुल्हाड़ी, अनाज रखने के लिए बड़े कोठार और सबसे ज़रूरी चीज - चक्की (जाँत)। 

चक्की से अनाज पीसा जा सकता था। इसी पद्धति से वह चक्की भी बनी जिससे मिट्टी के बर्तन बन सकें। वे रहने के लिए पत्थर, मिट्टी और फूस के बढ़िया घर बनाने लगे। उनके मुक़ाबले जंगली लोगों के पास वही पुरानी जीविका थी, जो असभ्य कही जाने लगी। 

सभ्यता के लोग खानाबदोश नहीं रहे, बल्कि एक क्षेत्र में मुहल्ला बना कर रहने लगे। वहीं मिल कर खेती करते। अनाज बोकर फसल का इंतज़ार करते। उनको सुस्ता कर सोचने, बतियाने का भी अधिक मौका मिलता, क्योंकि फसल आने में तो वक्त लगता। फिर कटाई के बाद अनाज एक सामूहिक गोदाम में रखा जाने लगा। इसमें जब चोरियाँ होने लगी या जानवर आने लगे, तो दरवाजे बने। गाँव घेरे जाने लगे। 

खेती में मदद के लिए अब वे कुछ पशु पालने लगे। इससे पहले वे कुत्ते तो साथ रखते थे, मगर यूँ पशुओं को बाँध कर व्यवस्थित रूप से पाला नहीं था। यह खेती-बाड़ी के साथ ही आया। फिर आस-पास के गाँवों से इन पशुओं को लेकर या खेत को लेकर कुछ झगड़े होने लगे। झगड़े हुए तो उनकी अपनी सेना बनने लगी। और बनने लगे उनके राजा। राजा पहले भी सरदार रूप में थे, जब वे जंगलों में जानवरों से लड़ते थे, मगर अब यह लड़ाई एक होमो सैपिएंस की दूसरे होमो सैपिएंस से थी। 
( क्रमशः)

Which of these is considered the unique invention of Sumerians, as they might have been among the first to do it? 

A. Wheel
B. Irrigation
C. Writing
D. Animal husbandry

(Answer: C. Anthropocene is the new suggested name for present epoch)

प्रवीण झा
© Praveen Jha 

स्कूली इतिहास (10)
http://vssraghuvanshi.blogspot.com/2021/07/10.html
#vss

No comments:

Post a Comment