Sunday 25 July 2021

प्रवीण झा - स्कूली इतिहास (12)

दुनिया का पहला राजा कैसा होगा? क्या वह मुकुट पहनता होगा? 

जब आदमी सभ्य होने लगे, तो जंगली लोगों से अधिक साफ-सुथरे रहने लगे। उनकी एक दिनचर्या (रूटीन) बन गयी, क्योंकि उन्हें अब भटकना नहीं था। एक ही जगह रहना था, जहाँ पानी भी था और मैदान भी। जब वे जंगल में रहते थे तो जानवरों से छुपने के लिए पत्तों या किसी जूट जैसी रस्सी का बना कपड़ा पहनते। मगर मैदान में आकर वे सफेद सूती कपड़े पहनने लगे। धोती या लुंगी की तरह। 

वे संजने-संवरने के लिए सीपियों या किसी शैल की माला भी पहनने लगे। बाल धोने और संवारने लगे। भले ही यह सब उन्हें पत्थर के बने कंघियों और खुरचनों से करना पड़ता। उनका सरदार, जिन्हें हम राजा कह सकते हैं, वे एक मुकुट पहनते जो कपड़ों और शैल के बीड्स से ही बने होते। यह आज से छह-सात हज़ार वर्ष पुरानी बात है। 

उस समय मिस्र में दो राजाओं के बीच लड़ाई हुआ करती। पत्थर के बने बरछी-भाले से, या कुश्ती से। ये ऊपरी और निचली मिस्र के राजा थे जो नील नदी के किनारे रहते थे। ऊपर-नीचे का मतलब मानचित्र का ऊपर-नीचे नहीं। मानचित्र तो तब था ही नहीं। 

दुनिया में एक विचित्र नदी है नील, जो दक्षिण से उत्तर बहती है। उत्तर में जाकर भूमध्य (मेडिटेरेनियन) सागर में जाकर गिरती है। इसलिए ऊपरी मिस्र यानी जहाँ से नील निकलती थी। निचली मिस्र यानी जहाँ जाकर यह समुद्र में गिरती थी। इसे समझने के लिए अफ़्रीका के मानचित्र को उल्टा कर देखिए। 

ऊपरी मिस्र वाले सूखे रेतीले इलाके में रहते थे। निचली मिस्र वाले नदी के दलदली डेल्टा इलाके में। इसलिए दोनों के पास अपने-अपने स्किल थे। हज़ार वर्ष तक वे आपस में लड़ते रहे।

आज से पाँच हज़ार साल पहले निचली मिस्र के राजा नारमेर अपनी सेना के साथ सफ़ेद मुकुट पहन कर लड़ने निकले। उनके सामने लाल मुकुट पहने ऊपरी मिस्र के राजा थे। इस युद्ध में सफेद मुकुट की जीत हुई, और राजा नारमेर ने लाल मुकुट छीन कर अपने सर पर डाल लिया। उस दिन मिस्र एक हुआ, और वहाँ के राजा सफ़ेद के ऊपर लाल मुकुट पहनने लगे।

यह राजा अब सिर्फ़ आदमी नहीं रहे, वे उनके भगवान बन गए। ऐसे कई राजा दूसरी जगहों पर भी बन रहे थे, जो भगवान बनते जा रहे थे। अब आदमी को भगवान की ज़रूरत महसूस होने लगी थी। चाहे वह कोई आदमी हो या कोई ऐसी शक्ति जो उनकी दुनिया चला रही है। 
( क्रमशः)

#historyforchildren #groundzero #basics

What does Pharaoh word literally mean?
A. A King
B. An educated man
C. A strong and brave man
D. A man from high house

(Yesterday’s Answer: C. Writing)

प्रवीण झा
© Praveen Jha

स्कूली इतिहास (11)
http://vssraghuvanshi.blogspot.com/2021/07/11.html
#vss

No comments:

Post a Comment