Tuesday 2 November 2021

शंभूनाथ शुक्ल - कोस कोस का पानी (33) नेपाल इतना तल्ख़ क्यों!

साल 2012 में मैं पहली दफ़े नेपाल गया था। वह भी कार से। मेरे अलावा पत्नी, बड़ी बेटी, दामाद और उसके दोनों बच्चे थे। मेरे दामाद तब गोंडा में पोस्टेड थे, और मैं मेरठ में। एक दिन पत्नी को लेकर मैं मेरठ से निकला और गजरौला, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहाँ पुर, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, कर्नल गंज होते हुए 800 किमी का सफ़र तय कर गोंडा पहुँचे। अगले रोज़ नेपाल के लिए चल दिए। दोपहर तक हम बलराम पुर, तुलसीपुर, देवीपाटन होते हुए बढ़नी पहुँचे। बॉर्डर पर एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के अपने परिचित मित्रों ने भनसार (अनुमति पत्र) बनवा दिया। एक जवान ने मुझे नेपाल का सिम भी दिया।  हमारी कार को नया नंबर प्लेट मिला, जिसे हमने नम्बर प्लेट पर लगाने की बजाय सामने के सीसे के वाइपर में दबा दिया। जो भी गाड़ी देखता, वह जान जाता कि गाड़ी इंडिया की है। 

बढ़नी बॉर्डर पार करते ही नेपाल का कृष्णा नगर  बॉर्डर था। वहाँ से गाड़ी भाग चली। कुछ देर बाद हम एक उच्च पथ पर आ गए। सड़क के दोनों तरफ़ चाय की दूक़ानें थीं। अधिकांश पर पांडेय टी स्टाल लिखा था। और हर दूकान के बाहर की तरफ़ एक लाल रंग के पारदर्शी थैले में पकौड़ियाँ लटकी हुई थीं। दामाद ने चाय पीने की इच्छा जताई। गाड़ी जहां रोकी वहाँ त्रिपाठी टी स्टाल लिखा था। लेकिन उस स्टाल के प्रोप्राइटर ने चाय बनाने में कोई रुचि नहीं दिखाई। रूखे अंदाज़ में कहा, दूध नहीं है। हमने कहा, ठीक है, कुछ बिस्किट ही दे दो। उसने कहा, बिस्किट भी नहीं है। उसकी दूकान पर लटके थैलों को देख कर मैंने कहा ये पकौड़ियाँ ही दे दो। उसने कहा, ये पकौड़ियाँ नहीं, सूखी हुई मछली है। पता चला, यहाँ चाय की दूक़ानों पर शराब मिलती हैं और चखने के लिए सूखी मछली। हम वहाँ से चल दिए और बुटवल पहुँचे, वहाँ जाकर बिस्किट्स, चिप्स, केक वग़ैरह ख़रीदे और आगे बढ़े। सड़क अच्छी थी और अब हम कुछ ऊँचाई वाले इलाक़े में थे। शाम सात के आसपास हम नारायण घाट पहुँच गए। वहाँ हमने दो कमरे लिए। और शाकाहारी भोजन के लिए तलाश शुरू की। होटल एक मारवाड़ी का था, इसलिए वहीं पर वेज थाली मिल गई। 

अगले दिन सुबह हम होटल से निकले। चितवन राष्ट्रीय उद्यान देखा। इसके बाद पहाड़ी रास्ता शुरू हो गया। घुमावदार और बेढंगा। कुछ घंटों बाद हम मनोकामिनी मंदिर के क़रीब पहुँच गए। यह नेपाल के गुरखा ज़िले में है। यह मंदिर बागमती नदी के दूसरे छोर पर ऊँची पहाड़ी पर स्थित है। वहाँ तक पहुँचने के लिए रोप वे है। यह रोप वे विश्व के कुछ सबसे ऊँचे रोप वे में से है। क़रीब 13 सौ मीटर की खाड़ी चढ़ाई तय करता है।तथा साढ़े तीन किमी लम्बा है। रोप वे का तब किराया चार सौ नेपाली रुपया था। अर्थात् 250 भारतीय रुपए। हम सब लोग मंदिर के लिए गए। रोप वे से उतरने के बाद क़रीब आधा किमी चढ़ना उतरना पड़ता है। यह गोरखाओं का मंदिर है। कहा जाता है, कि इस मंदिर में आने वालों की हर कामना पूरी होती है। मंदिर में एक विशाल घंटा है, जो बजाए जाने पर शेर के दहाड़ने जैसी आवाज़ करता है। आसपास काफ़ी दूक़ानें हैं, खाने-पीने की भी। पर अधिकांश में नॉन-वेज ही मिलता है। चिकेन या मटन। हमने वहाँ मैगी खाए और फिर इस तरफ़ आ गए। अभी काठमांडू कोई 105 किमी दूर था और रास्ता और ज़्यादा पहाड़ी। हम आगे बढ़े। और शाम सूरज ढलने के बाद काठमांडू पहुँचे। एक ऊँची पहाड़ी से उतरते ही काठमांडू घाटी शुरू होती है। एक नेपाली पत्रकार मित्र ने होटल बुक करवा दिया था। एक आदमी से रास्ता पूछा, तो उसने हमें भारतीय जानकर कहा, चलिए मैं आपको और अच्छे होटलों में ले चलता हूँ। पर मैंने मना कर दिया। उस समय तक रास्ता बताने को गूगल मैप नहीं आया था। 

कुछ देर बाद सड़क समतल और चौड़ी हो गई। अब हम नेपाल की राजधानी में थे। मुझे बता दिया गया था, कि यहाँ के ट्रैफ़िक क़ानून सख़्त हैं, इसलिए सिग्नल नहीं तोड़ने और अपनी लेन में चलना है। हमें हमारा होटल मिल गया। सामान कमरों में रख कर हम नेपाल की राजधानी को देखने निकले। लेकिन यहाँ काठमांडू में भारतीय मुद्रा के सिर्फ़ सौ रुपए ही स्वीकार किए जाते थे। पाँच सौ अथवा हज़ार के नोट नहीं। अब बड़ी मुश्किल थी। सौ के ज़्यादा नोट थे नहीं। सामान भी था और पैसा भी किंतु मुद्रा का संकट। मेरा क्रेडिट कार्ड भारत में ही मान्य था। इसलिए हम लौट आए। काठमांडू में भी पहाड़ गंज जैसी संकरी गलियों में होटल थे और क़रोल बाग जैसे बाज़ारों में पाकिस्तानी व्यापारी छाए थे। लूट बहुत ज़्यादा थी और वे हम इंडियन को उस समय भी हिक़ारत से देखते थे। किंतु नेपाल के राष्ट्रपति राम बरन यादव मधेसी समुदाय से थे, इसलिए भारतीयों से वे सहज ही मिलते थे थे। मुझे भी राम बरन यादव अपने भाई प्रतीत हुए। अगले दिन वहाँ के प्रमुख मंदिर- पशुपति नाथ और स्वयंभू नाथ देखे।त्रिभुवन हवाई अड्डा देखा और फिर पोखरा के लिए निकल पड़े। 

दोपहर ढलने लगी थी। हम फिर उसी मनोकामिनी घाट पहुँचे। मनोकामिनी के बाद रास्ता जंगली और बियाबान था। तथा गोरखा के इस ज़िले में भारतीयों के प्रति घृणा का भाव। पेट्रोल पम्पों में मुझे पेट्रोल नहीं दिया गया। सात बजे के आसपास पोखरा पहुँच गए। लगा, कि हम एक बहुत ही सुंदर स्थान पर आ गए हैं। चारों ओर आसमान में बर्फ़ से आच्छादित चोटियों पर डूबते सूर्य की रश्मियाँ अठखेलियाँ कर रही थीं। लग रहा था, जैसे ये स्वर्ण शिखर हों। हम मंत्र मुग्ध से देखते रहे। निर्धारित होटल पहुँचे। सामान रखा और फेवा झील घूमने निकले। बोटिंग बंद हो चुकी थी। बेटी-दामाद झील के किनारे-किनारे घूमने निकल गए। लौटे तो रात हो गई थी। यहाँ भी वेज खाना काफ़ी ढूँढने के बाद मिला। एक जगह नेपाली वेज थाली मिली। ग़ज़ब का टेस्ट था। अरहर की दाल, चावल और आलू का भर्ता। सुबह जल्दी उठे। खिड़की खोली तो देखा खिड़की के बाहर सामने बर्फ़ की चोटियाँ हमारे कमरों में प्रवेश को आतुर हैं। हम जल्दी-जल्दी तैयार होकर फेवा झील की तरफ़ गए और उसके बाद शांति स्तूप देखने चले गए। यह काफ़ी ऊँचाई पर बना बौद्ध स्तूप है। डेढ़ सौ सीढ़ियाँ चढ़ कर हम इस तिब्बती शांति स्तूप पर पहुँचे। वहाँ हमारे अलावा एक अमेरिकन जोड़ा और था। एक मैगी की दूकान थी, जिसमें सॉफ़्ट ड्रिंक और चाय-काफ़ी भी मिलती थी। नेपाल में रहने की हमारी अनुमति समाप्त हो चुकी थी, इसलिए हम फटाफट निकले। 

यहाँ से बुटवल 77 किमी था, और पूरा रास्ता चढ़ाई-उतराई का। हम आगे बढ़े। रास्ता जंगली और अंधे मोड़ों से भरा। उस समय नेपाल में समाजवादी रुझान वाले बाबूराम भट्टराई की सरकार थी। कम्युनिस्ट उन्हें दबाए थे। नेपाल के इस पश्चिमी इलाक़े की पहाड़ियों के गोरखा घनघोर भारत विरोधी। जगह-जगह नीले अक्षरों से भारत और भारतीय सेना को गालियाँ लिखी हुई थीं। हम सबको बुरा भी लग रहा था और भय भी। क्योंकि हमारी गाड़ी का नम्बर यूपी, इंडिया का था। अब मुझे लगा, कि बेहतर रहता हम नम्बर प्लेट वह लगा लेते जो नेपाल के परिवहन विभाग ने हमें देवनागिरी अक्षरों व अंकों वाली दी थी। पर अब क्या हो सकता था? रास्ते में जो भी गांव पड़ते, वहाँ के निवासी हमें घूरते। राम-राम करते हम दो-ढाई घंटे में बुटवल आ गए तब जान में जान आई। वहाँ चाय पी गई। शाम के पाँच बज रहे थे और अभी बॉर्डर 60-70 किमी था, इसलिए मैंने गाड़ी भगाई। कृष्णा नगर बॉर्डर से थोड़ा पहले हाई वे पर पुलिस वाले कानवाई लगा रहे थे। मैने जल्दबाज़ी में गाड़ी ओवरटेक कर बैरिकेडिंग के पास जा कर लगा दी। इंस्पेक्टर ने आकर रोक दिया और गाड़ी साइड करने को कहा। मैंने गाड़ी किनारे पर लगा दी। उसने कहा, चालान होगा। मैंने कहा, क्यों? बोला, आपने ग़लत तरीक़े से ओवरटेकिंग की। इंस्पेक्टर की वर्दी पर लगी नेम प्लेट में अरुण कुमार यादव लिखा था। मैंने कहा, यादव जी, अब बॉर्डर के पास काहे पंगा कर रहे हो? मुझे जाने दो। उसने कहा चालान तो कटेगा। वह भी दो हज़ार नेपाली रुपए। मैंने उससे कहा, कि यादव जी यह बहुत है। कुछ ले-देकर ख़त्म करो। बोला, यह इंडिया नहीं है। मैंने कहा, देखो हमारे इंडियन स्टेट का चीफ़ मिनिस्टर यादव और पूरा यूपी यादवों से भरा है। शादी-विवाह करने तो हमारे यहाँ ही आओगे। बोला, आपको रिश्वत देने में जेल हो सकती है। मैंने कहा- चलो भेज दो। 15-20 दिन पूरे परिवार को तुम्हारी सरकार खिलाये-पिलाएगी फिर छोड़ देगी। चलो जेल भेजो। अब वह मुस्कुराया और बोला- जाइए आप। आप जैसा इंडियन पहली बार मिला। 

तीर की तरह निकला। और कृष्णानगर बॉर्डर पार कर अपनी बढ़नी सीमा में प्रवेश किया। एसएसबी के मित्रों से मिला, उनका सिम कार्ड वापस किया। कुछ देर चाय वग़ैरह पी और फिर वही देवीपाटन, तुलसी पुर, बलराम पुर होते हुए गोंडा आ गया रात दस बजे। वहाँ दामाद का आवास सिविल लाइंस में था।
( जारी )

© शभूनाथ शुक्ल 

कोस कोस का पानी (32)
http://vssraghuvanshi.blogspot.com/2021/11/32.html 
#vss

No comments:

Post a Comment