Saturday 29 June 2019

राजनीति - आरएसएस और हिंदू महासभा, गांधी नेहरू के खिलाफ क्यों रहता है ? / विजय शंकर सिंह

oउन्हें देश के बंटवारे का दुख है। यह वे बार बार कहते हैं कि जब देश बंट रहा था तो धर्म ही उसका मूल कारक था। उनका कहना दुरुस्त है। उन्हें और उनका से मेरा अभिप्राय सत्तारूढ़ दल और उसकी विचारधारा से है। यह बात बिल्कुल सही है कि देश के बंटवारे के मूल में  धर्म ही था। पर उस धर्म को मुल्क का पर्याय बनाया किसने ? जिन्ना साहब ने। यह उत्तर भी उचित है। पर जिन्ना साहब के साथ जुगलबंदी किसने की थी ? हमारे वीर सावरकर ने। हिंदू महासभा के 1937 के अधिवेशन में दिए सावरकर का  भाषण पढिये। पर व्हाट्सएप्प यूनिवर्सिटी के एंटायर हिस्ट्री के शिक्षकों से नहीं, बल्कि देश के किसी भी अकादमिक इतिहासकार की पुस्तक जिसने आधुनिक इतिहास के इस कालखंड पर काम किया है पढ़ लीजिये आप को भारत के बंटवारे का मूल पता चल जाएगा।

1937 के बाद का कुछ घटनाक्रम समझ लें। 1937 में असेम्बली के चुनाव हुए। अधिकांश राज्यों में कांग्रेस ने तो कुछ राज्यों में मुस्लिम लीग ने सरकार बनायी। चुनाव हिंदू महासभा ने भी लड़ा पर जनता ने उन्हें लगभग नकार दिया।

1938 आते आते जर्मनी का हिटलर पगला गया था। वह पूरा यूरोप जीतना चाहता था। वह लगभग सभी चुनाव जो भी उसने जर्मनी में लड़े थे, प्रबल बहुमत से जीते थे। वह आर्य श्रेष्ठ नस्ल का समर्थक था। यहूदी उसके निशाने पर थे। यहूदियों का उत्पीड़न वह कर ही रहा था। प्रथम विश्व युद्ध मे जर्मनी की बुरी तरह हार हुयी थी।हिटलर उसी हार का बदला और जर्मनी के सम्मान की बात कर, अपनी अद्भुत भाषणकला के बल पर हर बार अच्छे मतों से चुनाव जीतता रहा। अचानक यूरोप दो खेमे में बंट गया । एक मित्र देशों ब्रिटेन, फ्रांस, सोवियत रूस, चीन और अमेरिका का खेमा, दूसरी तरफ धुरी राष्ट्र, जर्मनी, इटली और जापान। अब युद्ध होने ही वाला था। 1939 में जर्मनी ने पोलैंड पर हमला कर दिया और युद्ध शुरू हो गया।

1939 में इस युद्ध को लेकर कांग्रेस में दो विचार धाराएं थीं। एक कांग्रेस के तेज तर्रार अध्यक्ष सुभाष बाबू की थी। दूसरी गांधी जी की। सुभाष बाबू का मत था कि युद्ध होने वाला है, अब आज़ादी का संग्राम तेज़ कर दिया जाय। अंग्रेज़ अपनी ही समस्या में फंसे हैं, इस समय उनपर दबाव बनाना आज़ादी के हित मे उचित होगा। सुभाष बाबू का यह विचार व्यवहारिक था। अंग्रेज़ इससे थोड़े संकट में पड़ सकते थे।

पर गांधी जी थोड़ा इंतजार करो और देखो की नीति पर चलना चाहते थे। प्रथम विश्व युद्ध मे भी गांधी जी ने ब्रिटेन का साथ दिया था। सुभाष, गांधी के समक्ष अकेले पड़ गए और उन्होंने कांग्रेस से त्यागपत्र दे दिया और अपना एक दल बनाया फॉरवर्ड ब्लॉक  जिसका बंगाल में अब भी अस्तित्व है और वह वाम मोर्चे का एक अंग है।

गांधी जी और कांग्रेस को यह उम्मीद थी कि ब्रिटिश सरकार कांग्रेस से भारत को दूसरे  विश्व युद्ध में शामिल करने के पहले कांग्रेस सरकार से बात करेगी। पर अंग्रेजों ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने भारत के कांग्रेसी या मुस्लिम लीग की सरकारों से कोई सलाह या सहमति नहीं ली और भारत को उस युद्ध क्षेत्र में बिना यहां की सरकारों से जो जनता द्वारा चुनी गयीं थीं, सम्मिलित कर लिया गया।

कांग्रेस की सरकारों ने इस पर विरोध स्वरूप त्यागपत्र दे दिया, पर मुस्लिम लीग की सरकारों और एमए जिन्ना ने इस विश्व युद्ध में अंग्रेजों का साथ दिया। हिंदू महासभा के सावरकर भी जिन्ना के साथ आये और दोनों ही अंग्रेजों के बगलगीर बन गए। अब यह समीकरण बना। एमए जिन्ना और सावरकर दोनों ब्रिटिश राज के साथ थे और गांधी तथा कांग्रेस अलग रास्ते पर चल पड़ी थी। सुभाष बाबू तो पहले ही अलग हो गए थे । वे एक दिन चुपके से देश के बाहर निकल गए और उन्होंने अंग्रेज़ो के खिलाफ धुरी शक्तियों ( जर्मनी, इटली और जापान ) के साथ मिल कर एक अनोखी जंग लड़ी।

जहां जहां मुस्लिम लीग की सरकार कमज़ोर थी, वहां उसे सहायता दी हिंदू महासभा ने। बंगाल इसका एक उदाहरण है। वहां संघ के सबसे चहेते राजनीतिक चेहरे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाल में उप मुख्यमंत्री पद को सुशोभित किया और उन्होंने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में अंग्रेजों की तरफ से जमकर स्वतंत्रता सेनानियो का उत्पीड़न किया। सुभाष बाबू ने उनके बारे में जो कहा था तब, उसे आप यहां पढ़ सकते हैं,

"The Hindu Mahasabha has deployed sannyasis and sannyasins with tridents in their hands to beg for votes. At the very sight of tridents and saffron robes, Hindus bow their head in reverence.By taking advantage of religion and desecrating it, the Hindu Mahasabha has entered the arena of politics. It is the duty of all Hindus to condemn it...
"Banish these traitors from national life. Don't listen to them."

— Netaji Subhas Chandra Bose, at a public meeting on 12th May 1940 at Jhargram in West Bengal.,

8 अगस्त 1942 को बम्बई में कांग्रेस वर्किग कमेटी की बैठक हुयी। विश्व युद्ध तेजी से चल रहा था। लंदन पर बमबारी हो चुकी थी। अंग्रेजों का मनोबल गिरा था। तभी गांधी जी का ऐतिहासिक भाषण हुआ, करो या मरो। यह अंतिम आंदोलन था जो अब तक का सबसे व्यापक जन आंदोलन बना। यह था भारत छोड़ो आंदोलन।

9 अगस्त 1942 की भोर में ही कांग्रेस के सभी बड़े नेता गिरफ्तार कर लिये गये और तीन साल तक जेल में रखे गए। सुभाष बाबू बाहर निकल गए थे। जिन्ना और सावरकर के चेले अंग्रेजी हुकूमत के साथ सरकार चला रहे थे। देश मे जबरदस्त आंदोलन चल रहा था।

1945 की अगस्त में अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर बम गिरा दिया और उसी के बाद यह विश्व युद्ध समाप्त हो गया। मुसोलिनी को उसी की जनता ने सड़क के किनारे लैंप पोस्ट से लटका कर फांसी दे दी। हिटलर जो अपने समय का अद्भुत वक्ता और जर्मनी के सम्मान के लिये खुद को कृतसंकल्प समझता था ने आत्म हत्या कर ली। जापान ने तो अपने दो नगरों हिरोशिमा और नागासाकी की तबाही के बाद आज तक युद्ध से तौबा कर लिया है।

जिन्ना और सावरकर ने उस कठिन समय मे अंग्रेजों का जो साथ दिया था उसका तो उन्हें पुरस्कार मिलना ही था। जिन्ना, एक स्वतंत्र मुस्लिम राष्ट्र के लिये ज़िद पर थे। उनके साथ मुसलमानों का बहुमत भी था। मौलाना आज़ाद, और खान अब्दुल गफार खान साहब जैसे नेता जिन्ना के खिलाफ थे और कांग्रेस के साथ थे। अगर सरहदी गांधी जैसा कोई दमदार धर्मनिरपेक्ष व्यक्तित्व मुसलमानों में उस समय पंजाब और बंगाल में होता तो हो सकता था, जिन्ना का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाता। पर काश, से न तो इतिहास बदलता है और न ही जीवन।

सावरकर यह सोचे बैठे थे कि जब धर्म के नाम पर देश बंटेगा और पाकिस्तान मुस्लिम देश बनेगा तो हिंदुस्तान अपने आप ही हिंदू राष्ट्र बन जायेगा। अब भी कुछ संघी दिमाग के मित्र यह सवाल पूछते हैं कि ऐसा क्यों नहीं हुआ ? जब इस्लाम धर्म के नाम पर पाकिस्तान बना तो हिंदू धर्म के नाम पर भारत क्यों नहीं बना ?

सीधे तौर पर देखिये तो यह सवाल बड़ा ही तार्किक लगता है। पर एक धर्म एक राष्ट्र का सिद्धांत ही भारतीय बहुलतावाद के विपरीत है। यह सिद्धांत एमए जिन्ना और डीवी सावरकर का था। जिन्ना ने अंग्रेजों का साथ दिया ही इसलिए था, कि वे मार्च1940 के लाहौर अधिवेशन में मुस्लिम लीग द्वारा पारित पाकिस्तान सम्बंधी प्रस्ताव के साथ खड़े रहेंगे। सावरकर ने भी यही सोचा था कि यह बिल्कुल गणित की तरह हल होगा कि जब मुसलमानों को पाकिस्तान दिया जाएगा तो हिंदुओं को हिंदुस्तान मिल ही जायेगा। पर ऐसा नही हुआ। राजनीति और इतिहास गणित के सूत्रों की तरह नहीं चलते हैं।

ऐसा इसलिए नहीं हुआ क्योंकि तब भारतीय राजनीतिक फलक पर सावरकर और उनके हिंदू महासभा की कोई असरदार आवाज़ नहीं थी। जनता में इन्हें लेकर आशंकाएं थीं। सावरकर की क्षवि उनके अंडमान में अंग्रेजों के चरणों मे दिये गए माफीनामे के कारण अंग्रेजों के पिछलग्गू होने की थी। कांग्रेस जिस राष्ट्रवाद के साथ खड़ी थी, सावरकर का राष्ट्रवाद उसकी तुलना में बौना और बीमार था। सावरकर और जिन्ना का राष्ट्रवाद धर्म पर आधारित था और भारतीय सनातन परंपरा के विपरीत था। बहुसंख्यक समाज ने हिंदू महासभा और आरएसएस को तब भी नकारा और जब इनका राजनैतिक चेहरा भारतीय जनसंघ बना और जब तक जनसंघ अस्तित्व में रहा तब तक नकारते रहे। 1977 में जेपी आंदोलन के सहारे और 1989 से राम मंदिर आंदोलन के सहारे ही यह सत्ता में आने लायक हुए।

1945 में जब विश्व युद्ध समाप्त हो गया तो कांग्रेस के सभी नेता छोड़ दिये गए। उधर 1946 में ग्रेट ब्रिटेन में भी सरकार बदल गयी थी। चर्चिल चुनाव हार गया था और लेबर पार्टी की सरकार बन गयी थी। क्लीमेंट एटली वहां के प्रधानमंत्री हो गये थे। वे भारत की आज़ादी के पक्ष में थे। यह उनकी उदारता नहीं अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ब्रिटिश उपनिवेशवाद के क्षय का परिणाम था। आज़ादी दी कैसे जाय, इस पर अंग्रेजों ने भारतीय नेताओं से बात चीत शुरू की। उनकी बातचीत मुख्यतया कांग्रेस और मुस्लिम लीग के नेताओं से शुरू हुयी। कांग्रेस का स्टैंड साफ था कि बंटवारा न हो। पर मुस्लिम लीग को बंटवारे और इस्लामी मुल्क से कम मंजूर नहीं था। हम बिल्ली की तरह झगड़ते रहे और और अंग्रेज़ बंदरों की तरह न्याय करते रहे। कांग्रेस का दूसरा स्टैंड यह था कि अगर किसी कारण से पाकिस्तान बनता भी है तो शेष भारत धर्मनिरपेक्ष ही रहेगा और किसी भी धर्म विशेष का नहीं होगा। यह स्टैंड अकेले गांधी जी का ही नहीं था बल्कि नेहरू, पटेल, आज़ाद, आदि सभी अग्रिम पंक्ति के कांग्रेस के लोगों का था। सावरकर इस स्टैंड से सहमत नहीं थे पर गांधी और कांग्रेस के जनाधार और जन स्वीकृति के सामने वे कहीं नहीं टिक पाये। अस्वीकार कर दिए जाने और जिन्ना द्वारा अपना लक्ष्य पा लेने और खुद का लक्ष्य खो देने की कुंठा का परिणाम पूरी की पूरी हिंदू महासभा और आरएसएस में तब भी था और आज भी है। यही कुंठा आनुवांशिक होकर कभी कभी भाजपा के नेताओं में दिखती है।

आप को लग सकता है कि, भाजपा ने सरदार पटेल की मूर्ति लगवायी और वे सरदार पटेल की निरंतर प्रशंसा करते रहते हैं, तो वे पटेल के पक्ष में खड़े हैं। यह बात बिल्कुल हास्यास्पद है। संघ, और हिंदू महासभा कांग्रेस ही नहीं आज़ादी के आंदोलन से जुड़े हर उस चेहरे के खिलाफ है जो भारतीय परंपरा और बहुलतावाद की बात करता है। चाहे वह गांधी हों, नेहरू हों, पटेल हों, सुभाष बाबू हों या भगत सिंह हों ।

वे भगत सिंह के विचारों के साथ, जो समाजवादी अन्तराष्ट्रीयतावाद और मार्क्सवाद से प्रभावित थे, के कारण नहीं बल्कि गांधी ने भगत सिंह के लिये कुछ नहीं किया और इस बहाने गांधी पर निशाना साधा जा सकता हैं, इसलिए भगत सिंह का नाम लेते हैं। पर गांधी के बारे में भगत सिंह ने क्या कहा था, यह वह नहीं पढ़ना चाहते हैं।

वे पटेल के साथ इसलिए हैं कि नेहरू पटेल पत्राचार में दोनों के बीच एक शिष्ट मतभेद है जिसे वे बार बार उभारते हैं। पर यह वे नहीं जानते कि ऐसे मतभेदों और असहमति की एक लंबी परम्परा हमारे यहां रही है। यह मतभेद कुछ विन्दुओं पर थे न कि कांग्रेस की मूल विचारधारा और रणनीति पर थे।

कभी कभी भाजपा के मित्रगण, सुभाष बाबू के साथ इसलिए खड़े होते हैं कि सुभाष को गांधी जी के कारण कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हटना पड़ा था, और कांग्रेस छोड़ कर नयी पार्टी बनानी पर इस पर वे चुप्पी साध लेते हैं कि जब सुभाष ने सिंगापुर में आज़ाद हिंद फौज की स्थापना की तो अपनी तीन ब्रिगेडों का नाम गांधी, नेहरू और आज़ाद के नाम पर  रखा और सुभाष ने ही गांधी जी को राष्ट्रपिता के संबोधन से संबोधित किया। वे यह भी भूल जाते हैं कि आज़ाद हिंद फौज के मुकदमे की सुनवाई में नेहरू और कांग्रेस की क्या भूमिका थी। आज़ाद हिंद रेडियो से बोलते समय नेता जी ने गांधी जी को उस आज़ादी के आंदोलन का नेता स्वीकार किया था।

गांधी की यह विपुल लोकप्रियता और व्यापक जनस्वीकार्यता ही उनकी हत्या का कारण बनी। यही लोकप्रियता सावरकर को तब भी कुंठित किये रही जब वे अंडमान से माफी मांग कर देश की राजनीति में हिन्दू महासभा के माध्यम से राजनीति करने उतरे और इसी कुंठा जनित हताशा में वे जीवन भर जीते रहे। सावरकर एक विद्वान, जुझारू और संघर्षशील स्वातंत्र्य योद्धा थे। वे एक अच्छे लेखक और तार्किक सोच के थे। अंडमान जेल में उन्हें भीषण यातनाएं दी गयी। वे टूट गए। हर व्यक्ति की कष्ट सहने की अपनी अपनी क्षमता होती है। वे माफी मांग कर बाहर आये और फिर उन्होंने धर्म की राजनीति शुरू की।  जिन्ना के साथ मिलकर सरकार चलायी। गांधी हत्याकांड में मुल्ज़िम बने पर बरी हो गये और फिर बेहद खामोशी से दिवंगत भी हो गए।

इतिहास में कोई भी त्रुटि रहित नहीं है। मनुष्य त्रुटि रहित हो ही नहीं सकता है। चाहे वह कोई भी हो। ईश्वर भी जब मनुजावतार में आता है तो वह भी त्रुटिरहित नही रहता है। यही कुंठा कि गांधी और कांग्रेस ने जैसें जिन्ना ने धर्म के आधार पर पाकिस्तान को स्वीकार किया, भारत को भी धर्म के आधार पर स्वीकार क्यों नहीं किया। पर वे यह पचा नहीं पाते हैं कि गांधी का व्यक्तित्व तो विराट था ही नेहरू भी कम करिश्माई नेता नहीं थे। गांधी, नेहरू, पटेल सुभाष, आज़ाद सहित जितने भी कांग्रेस के नेता थे सबमे अनेक बातों पर मतैक्य कभी कभी भले ही न रहा हो, पर देश लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चलेगा और देश का स्वरूप धर्मनिरपेक्ष रहेगा इसपर सबका दृढमत और एका था। गांधी और नेहरू और कांग्रेस के इसी स्टैंड के कारण संघी और हिंदू महासभाई विचारधारा और उनके लोगों की खुन्नस है। इसीलिए आप अक्सर इन्हें इन महान नेताओं की निंदा और तथ्यहीन आलोचना करते पाते हैं।

© विजय शंकर सिंह

No comments:

Post a Comment