Thursday, 8 December 2022

"कॉलेजियम प्रणाली 'देश का कानून' (Law of the land) है।" ~ सुप्रीम कोर्ट / विजय शंकर सिंह

सुप्रीम कोर्ट ने, आज, 08/12/22,  गुरुवार को केंद्र सरकार से कहा कि, "कॉलेजियम प्रणाली "देश का कानून" (Law of the land) है जिसका हर दशा में पालन किया जाना चाहिए। सिर्फ इसलिए कि समाज के कुछ वर्ग हैं, जो कॉलेजियम प्रणाली के खिलाफ विचार रखते हैं, इससे, यह कानून रद्द नहीं हो जाता।"
"हाइकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में, न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए कॉलेजियम प्रणाली तैयार करने वाली संविधान पीठ के फैसलों का पालन किया जाना चाहिए।" संविधान पीठ ने, यह बात, अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर जनरल से बिना किसी, भूमिका के कही। आगे पीठ ने कहा, 

"समाज में ऐसे वर्ग हैं, जो संसद द्वारा बनाए गए कानूनों से सहमत नहीं हैं। क्या अदालत को उस आधार पर ऐसे कानूनों को लागू करना बंद कर देना चाहिए?" न्यायमूर्ति संजय किशन कौल की अगुवाई वाली पीठ ने भारत के अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी से पूछा।
जस्टिस कौल ने चेतावनी देते हुए कहा, 
"अगर हर एक समाज यह तय करने लगे कि, किस कानून का पालन करना है और किस कानून का पालन नहीं करना है, तो, हर कानून यह टूट जाएगा।"

अटार्नी जनरल ने कहा कि, "केंद्र द्वारा वापस भेजे गए, दोहराए गए नामों को सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम द्वारा वापस लेने के दो उदाहरण हैं और इसने एक धारणा को जन्म दिया कि पुनरावृत्ति निर्णायक नहीं हो सकती है।"
इस पर पीठ ने यह कहकर पलटवार किया कि, "इस तरह के अलग-अलग उदाहरण संविधान पीठ के फैसले को नजरअंदाज करने के लिए, हम "सरकार को कोई अनुमति नहीं देंगे, जो स्पष्ट रूप से कहता है कि कॉलेजियम की पुनरावृत्ति बाध्यकारी है। जब कोई निर्णय होता है, तो किसी अन्य धारणा के लिए कोई जगह नहीं होती है।" 
सुनवाई के बाद लिखे गए आदेश में पीठ ने कहा कि "उसे इस बात की जानकारी नहीं है कि, किन परिस्थितियों में कॉलेजियम ने पूर्व में दोहराए गए दो नामों को हटा दिया था।"

जस्टिस संजय किशन कौल, अभय एस ओका और विक्रम नाथ की खंडपीठ न्यायिक नियुक्तियों के लिए समय सीमा का उल्लंघन करने वाले केंद्र के खिलाफ बैंगलोर के एडवोकेट्स एसोसिएशन द्वारा दायर एक अवमानना ​​​​याचिका की सुनवाई कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर एनजीओ सेंटर फॉर पब्लिक इंटरेस्ट लिटिगेशन द्वारा 2018 में दायर एक जनहित याचिका भी आज सूचीबद्ध है।
एजी ने कहा कि "पिछले अवसर पर पीठ द्वारा उठाई गई चिंताओं के बाद उन्होंने मंत्रालय के साथ चर्चा की और मुद्दों को "ठीक करने" के लिए कुछ और समय मांगा।"

"अटॉर्नी आपको थोड़ा बेहतर करना होगा ... हमें एक रास्ता खोजने की जरूरत है। आपको क्यों लगता है कि हमने अवमानना ​​​​नोटिस के बजाय केवल एक नोटिस जारी किया? हम एक समाधान चाहते हैं। हम इन मुद्दों को कैसे सुलझाते ?"
न्यायमूर्ति कौल ने कहा कि दिन की सुनवाई समाप्त हो गई।
पीठ ने आज यह भी नोट किया कि केंद्र ने हाल ही में 19 नामों को वापस भेजा है, जिनमें 10 नाम कॉलेजियम द्वारा दोहराए गए हैं।  पीठ ने कहा कि इस मुद्दे को हल करना कॉलेजियम का काम होगा।

"हम उम्मीद करते हैं कि अटॉर्नी जनरल कानूनी स्थिति की सरकार को सलाह देने और कानूनी स्थिति का पालन सुनिश्चित करने में वरिष्ठतम कानून अधिकारी की भूमिका निभाएंगे। संविधान की योजना के लिए इस न्यायालय को कानून का अंतिम मध्यस्थ होना आवश्यक है।  कानून बनाने की शक्ति संसद के पास है, लेकिन यह इस न्यायालय द्वारा जांच और समीक्षा के अधीन है। यह महत्वपूर्ण है कि इस न्यायालय द्वारा निर्धारित कानून का पालन किया जाए अन्यथा लोग उस कानून का पालन करेंगे जो उन्हें लगता है कि सही है।"  यह बात अदालत ने अपने आदेश में कहा है। 
अटॉर्नी जनरल ने पीठ को आश्वासन दिया कि वह सरकार के साथ, इस विंदु पर, विचार-विमर्श के बाद अदालत को बताएंगे। मामले की अगले सप्ताह फिर सुनवाई होगी।

पीठ ने अपनी चिंता दोहराई कि, "नियुक्तियों में देरी से, मेधावी लोगों को न्यायपालिका में शामिल होने से बाधा पहुंच रही है और यह एक परेशानी वाली स्थिति है। कई मामलों में कॉलेजियम ने कुछ प्रस्तावों को छोड़ दिया है .... सरकार के दृष्टिकोण को, ध्यान में रखा गया है। सरकार के विचार और कॉलेजियम के विचारों को प्रस्तावित करने के बाद, सरकार नाम वापस भेजती है, लेकिन जब उन्हें दोहराया जाता है, तो आपको नियुक्त करना होता है।  कोई अन्य रास्ता नहीं है", 
न्यायमूर्ति कौल ने एजी को बताया, "ऐसा नहीं है कि प्रत्येक मामले में समय-सीमा का पालन नहीं किया जाता है।  लेकिन, जो बात हमें परेशान करती है, वह यह है कि कई मामले, महीनों और सालों से लंबित थे और कुछ मामले दोहराए गए थे।" 

जस्टिस कौल ने यह भी कहा कि "कभी-कभी नाम तेजी से स्वीकृत हो जाते हैं" और कुछ अन्य को महीनों तक लंबित रखा जाता है। यह पिंग पोंग लड़ाई कैसे चलेगी?" 
न्यायमूर्ति कौल ने कहा कि "नामों के लिए दी गई चयनात्मक स्वीकृति वरिष्ठता को, बाधित कर देती है। जब कॉलेजियम नाम को मंजूरी देता है तो, उनके दिमाग में कई कारक होते हैं ... आप एक पदानुक्रम बनाए रखते हैं कि, इसे कैसे नियुक्त किया जाना चाहिए। लेकिन अगर पदानुक्रम बाधित होता है तो ?"

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और, वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने हाल ही में कॉलेजियम प्रणाली के बारे में कानून मंत्री और उपराष्ट्रपति द्वारा दिए गए बयानों का हवाला देते हुए कहा, "संवैधानिक पद पर बैठे लोग कह रहे हैं कि सुप्रीम कोर्ट को, न्यायिक समीक्षा करने की शक्तियां नहीं हैं, जबकि, न्यायिक समीक्षा की शक्ति, संविधान के, बुनियादी ढांचे का अंग है। न्याय मंत्री और, उपराष्ट्रपति का यह बयान, थोड़ा परेशान करने वाला है।"
इस पर जस्टिस कौल ने कहा, "कल लोग कहेंगे कि बुनियादी ढांचा भी संविधान का हिस्सा नहीं है!"
पीठ के ही एक सदस्य, जस्टिस विक्रम नाथ ने, एटर्नी जनरल से, कहा, "श्री सिंह, (एडवोकेट विकास सिंह) भाषणों का जिक्र कर रहे हैं ... यह बात, बहुत अच्छी नहीं है ... सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम सिस्टम पर, इन टिप्पणियों को, बहुत अच्छी तरह से नहीं लिया गया है। आपको उन्हें नियंत्रित करने की सलाह देनी होगी ..।"

सेंटर फॉर पब्लिक इंटरेस्ट लिटिगेशन की ओर से पेश अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने कहा कि, "उनकी याचिका चार साल पहले दायर की गई थी, जिसमें सरकार द्वारा चुनिंदा नामों को लंबित रखने के मुद्दे को उजागर किया गया था।  उन्होंने 2018 में सरकार द्वारा न्यायमूर्ति केएम जोसेफ की पदोन्नति में देरी का उदाहरण दिया। "एक समय था जब जे. जोसेफ की नियुक्ति भी नहीं की जा रही थी।"
भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भूषण की याचिका पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि, "इस मुद्दे को सार्वजनिक बहस में नहीं बदलना चाहिए जहां कोई भी न्यायाधीशों का नाम ले सकता है। बार एक हितधारक है, अदालत एक हितधारक है, कॉलेजियम एक हितधारक है। क्या यह जनहित का मामला बनने के लायक है? वह न्यायाधीशों के नाम ले रहे हैं, इसे रोकने की जरूरत है। इसे रोकना होगा।" SG ने जोर देकर कहा।

"बहुत सारी चीजों को रोकने की जरूरत है। संविधान पीठ के एक फैसले का पालन करना होगा", न्यायमूर्ति कौल ने तब एसजी से कहा। 
पीठ ने एजी द्वारा दायर स्टेटस रिपोर्ट में केंद्र द्वारा व्यक्त किए गए विचार को अस्वीकार कर दिया कि, न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए मेमोरेंडम ऑफ प्रोसीजर (एमओपी) पर पुनर्विचार की आवश्यकता है। केंद्र सरकार ने न्यायमूर्ति सीएस कर्णन के खिलाफ, स्वप्रेरणा से अवमानना ​​मामले में, अपने फैसलों में, न्यायमूर्ति रंजन गोगोई और न्यायमूर्ति जे चेलामेश्वर द्वारा की गई कुछ टिप्पणियों का उल्लेख किया था कि, एमओपी को फिर से देखने की जरूरत है। पीठ ने स्पष्ट रूप से कहा कि एमओपी को अंतिम रूप दे दिया गया है, हालांकि इसमें सुधार की गुंजाइश है।  हालाँकि, सरकार, इस तरह का कार्य नहीं कर सकती है। पर यह कोई अंतिम एमओपी नहीं है।

न्यायमूर्ति कौल ने अटार्नी जनरल से कहा कि न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया ज्ञापन संबंधी मुद्दा खत्म हो गया है और सरकार इस आधार पर कार्रवाई नहीं कर सकती कि, मामला लंबित है।
"एक बार कॉलेजियम, अपने संज्ञान में, या जैसा कि आप इसके अभाव में सोचेंगे, ने एमओपी पर काम किया था, इसमें कोई कमी नहीं है। एमओपी मुद्दा खत्म हो गया है। अब आप बाद के फैसले में कहते हैं, दो न्यायाधीशों ने कुछ टिप्पणियां कीं। अब जब संविधान पीठ का फैसला है तो क्या दो न्यायाधीशों के टिप्पणी के आधार पर उसे, को रोकना तर्कसंगत है?"
"कोई एमओपी मुद्दा अब नहीं है। एमओपी का मुद्दा खत्म हो गया है।" न्यायमूर्ति कौल ने एजी को बताया।

"केंद्र ने बदलाव के लिए बाद में पत्र भेजा है। लेकिन उन पत्रों से, एमओपी, प्रभावित नहीं होगा, यह मैं स्वीकार करता हूं। लेकिन अब यह मुद्दा, लंबित नहीं है", न्यायमूर्ति कौल ने स्पष्ट किया।
न्यायमूर्ति कौल ने कहा, "मौजूदा एमओपी है। आप कहते हैं कि कुछ बदलाव वांछनीय हैं। यह तथ्य कि आप कुछ बदलाव चाहते हैं, पर इससे, एमओपी का अस्तित्व खत्म नहीं करे   होगा।"
"आप कहते हैं कि जस्टिस रंजन गोगोई और चेलमेश्वर ने कहा कि एमओपी को एक पुनर्विचार की जरूरत है। लेकिन फिर क्या हुआ.. भले ही दो जजों ने कुछ कहा हो .. यह कॉलेजियम के फैसले को कैसे बदल सकता है? सिस्टम आज तक मौजूद है। दो जजों की राय से, सात न्यायाधीशों के विचार का फैसला, नहीं बदलता है। आपने न्यायाधीशों के कुछ विचारों को आसानी से उठाया है और उन्हें शामिल कर लिया है। यह कैसे किया जा सकता है? आप कुछ बदलाव चाहते हैं, लेकिन इस बीच मौजूदा एमओपी के साथ कॉलेजियम को काम करना है। अब यह सिर्फ एक दोषारोपण का खेल लग रहा है।"
न्यायमूर्ति कौल ने एजी से कहा। 
SCBA अध्यक्ष ने सुप्रीम कोर्ट से कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया, "कुछ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। या तो परमादेश जारी किया जाय, या अवमानना ​​​​की नोटिस दी जाय। यह केवल दो विकल्प हैं।" 

मुकदमे की पृष्ठभूमि इस प्रकार है ~  

पिछली सुनवाई की तारीख 28 नवंबर को कोर्ट ने कॉलेजियम सिस्टम के खिलाफ कानून मंत्रियों की टिप्पणियों पर नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर जनरल से न्यायिक नियुक्तियों के संबंध में कोर्ट द्वारा निर्धारित कानून का पालन करने के लिए केंद्र को सलाह देने का भी आग्रह किया था। न्यायालय ने याद दिलाया कि कॉलेजियम द्वारा, दुबारा भेजे गए नाम केंद्र के लिए बाध्यकारी हैं और नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा करने के लिए निर्धारित समयसीमा का कार्यपालिका द्वारा उल्लंघन किया जा रहा है। एक गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कि "नियुक्तियों में देरी "पूरी प्रणाली को बाधित कर देती है।" पीठ ने केंद्र के "कॉलेजियम प्रस्तावों को विभाजित करने" के मुद्दे पर भी सवाल उठाए, क्योंकि यह सिफारिश में भेजे गए नामो की वरिष्ठता को बाधित भी करता है।

जस्टिस एएस ओका की बेंच भी सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा दोहराए गए 11 नामों को मंजूरी नहीं देने के खिलाफ 2021 में एडवोकेट्स एसोसिएशन बेंगलुरु द्वारा दायर एक अवमानना ​​​​याचिका पर विचार कर रही थी।  एसोसिएशन ने तर्क दिया कि केंद्र का आचरण पीएलआर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड बनाम महानदी कोलफील्ड्स प्राइवेट लिमिटेड के निर्देशों का घोर उल्लंघन है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि कॉलेजियम द्वारा दोहराए गए नामों को केंद्र द्वारा 3 से 4 सप्ताह के भीतर मंजूरी दी जानी चाहिए।

11 नवंबर को नियुक्तियों में देरी के लिए केंद्र की आलोचना करते हुए कोर्ट ने सचिव (न्याय) को नोटिस जारी किया था।
"नामों को लंबित रखना स्वीकार्य नहीं है। हम पाते हैं कि नामों को होल्ड पर रखने का तरीका चाहे विधिवत अनुशंसित हो या दोहराया गया हो, इन व्यक्तियों को अपना नाम वापस लेने के लिए मजबूर करने का एक तरीका बन रहा है, जैसा कि हुआ है।" पीठ ने आदेश में कहा।  .

पीठ ने पाया कि, "11 नामों के मामलों में जिन्हें कॉलेजियम द्वारा दोहराया गया है, केंद्र ने फाइलों को लंबित रखा है, उन्हे मंजूरी दिए बिना और आपत्ति का कारण बताए बिना, उन्हें वापस कर दिया है, और अनुमोदन रोकने की ऐसी प्रथा "अस्वीकार्य" है।"
"अगर हम विचार के लिए लंबित मामलों की स्थिति को देखते हैं, तो सरकार के पास 11 मामले लंबित हैं, जिन्हें कॉलेजियम ने मंजूरी दे दी थी और, वे अभी तक नियुक्तियों का इंतजार कर रहे हैं। उनमें से सबसे पुराने 04.09.2021 को, भेजे जाने की तारीख के रूप में हैं। इसका तात्पर्य यह है कि सरकार न तो व्यक्तियों की नियुक्ति करती है और न ही नामों पर अपनी आपत्ति, यदि कोई हो तो, के बारे में सूचित करती है।" पीठ ने आदेश में कहा।
याचिका में उद्धृत उदाहरणों में से एक वरिष्ठ अधिवक्ता आदित्य सोंधी का है, जिनकी कर्नाटक उच्च न्यायालय में पदोन्नति सितंबर 2021 में दोबारा भेजी गई थी। फरवरी 2022 में, सोंधी ने न्यायपालिका के लिए अपनी सहमति वापस ले ली क्योंकि उनकी नियुक्ति के संबंध में कोई अनुमोदन नहीं था। लेख लाइव लॉ की रिपोर्टिंग पर आधारित है। 

(विजय शंकर सिंह)

Tuesday, 6 December 2022

आरबीआई ने नोटबंदी पर केंद्र सरकार के फैसले के आगे घुटने टेक दिए ~ पी चिंदबरम / विजय शंकर सिंह

सुप्रीम कोर्ट में, नोटबंदी पर दायर याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान, याचिकाकर्ता का पक्ष रखते हुए,  सुप्रीम के वरिष्ठ एडवोकेट और पूर्व केंद्रीय मंत्री, पी चिदंबरम ने, शीर्ष अदालत में कहा कि "भारतीय रिजर्व बैंक, RBI ने 2016 के विमुद्रीकरण अभियान से, अपनी सहमति देकर, केंद्र सरकार के सामने, अपनी स्वायत्तता तथा संवैधानिक हैसियत का, 'विनम्रता से आत्मसमर्पण' कर दिया।"
लीगल वेबसाइट, बार एंड बेंच और लाइव लॉ की अदालती रिपोर्ट के अनुसार, पी चिदंबरम ने, कहा कि "केंद्र सरकार को उन दस्तावेजों का खुलासा करना चाहिए जिनसे, पता चले कि, 2016 में नोटबंदी को कैसे, सरकार ने मंजूरी दी थी, ताकि शीर्ष अदालत इस कदम की कानूनी वैधता तय कर सके।"
चिदंबरम का यह तर्क, विवेक नारायण शर्मा बनाम भारत संघ और अन्य, की याचिका पर दिया गया है। पांच सदस्यीय संविधान पीठ के जज, जस्टिस एस अब्दुल नज़ीर, बीआर गवई, एएस बोपन्ना, वी रामासुब्रमण्यम और बीवी नागरत्ना, इस मुकदमे की सुनवाई कर रहे हैं। 

यदि, केवल, आरबीआई का केंद्रीय बोर्ड,  विमुद्रीकरण का प्रस्ताव, सरकार से सीधे करता है तो, केंद्र सरकार उस पर, विचारोपरांत कार्रवाई कर सकती थी। लेकिन, इस मामले में, "यहाँ, आरबीआई ने केवल एक घंटे के विचार-विमर्श के बाद नम्रतापूर्वक आत्मसमर्पण कर दिया।" 
यहां यह सवाल उठता है कि, क्या आरबीआई ने सीधे, सरकार के, नोटबंदी के प्रस्ताव पर, बिना अपने मस्तिष्क का प्रयोग किए ही, नोटबंदी के निर्णय पर, जिसे करने का, सरकार पहले ही मन चुकी थी, हामी भर दी? आरबीआई, एक स्वायत्त संस्था है। देश की कुल मुद्रा का 86% मुद्रा चलन से बाहर किए जाने के प्रस्ताव पर, मात्र एक घंटे में, अपनी सहमति दे देना, न केवल आरबीआई की स्वायत्तता पर सवाल उठाता है, बल्कि यह आरबीआई के तत्कालीन गवर्नर के प्रोफेशनल योग्यता पर भी एक प्रश्नचिह्न है। 

बहस जारी रखते हुए, पी चिदंबरम ने कहा कि, "केंद्र सरकार ने खुद नोटबंदी पर आगे बढ़ने से पहले इसकी गंभीरता पर विचार नहीं किया था।" 
सरकार में कोई भी विचार विमर्श हवा में या जुबानी नहीं होता है। रूल ऑफ बिजनेस में, हर विचार विमर्श में जो भी भाग लेता है, उसके विचार, प्रस्ताव और दृष्टिकोण के मिनट्स बनते हैं। इस पर सभी, जो उस विचार विमर्श में भाग लेते हैं, के नाम, और इस बात का संक्षिप्त विवरण रहता है कि, उन्होंने क्या क्या कहा है। अदालत में इन ब्यौरे को भी तलब किया गया है, पर वह ब्योरा अदालत में रखा नहीं गया। 
उसका उल्लेख करते हुए, पी चिदंबरम आगे कहते हैं, "वे (सरकार) मिनट्स (विचार विमर्श का ब्योरा) वापस क्यों रोक रहे हैं? इस मुद्दे को तय करने के लिए ये दस्तावेज (मीटिंग के मिनट्स) नितांत आवश्यक हैं। हमें पता होना चाहिए कि, उनके पास क्या सामग्री (नोटबंदी करने का आधार) थी, और उन्होंने उस पर, क्या विचार किया। हम, नोटबंदी के फैसले पर कोई विचार नहीं कर रहे हैं, लेकिन निर्णय लेने की प्रक्रिया (प्रोसीजर) पर विचार कर रहे हैं। उन्हें यह (मिनिट्स) दिखाने की जरूरत है कि क्या उन्होंने अपने फैसले की व्यापकता और आनुपातिकता पर विचार किया था या नहीं ? इसके (मीटिंग की मिनिट्स के) बिना यह,(सरकार का निर्णय), अंधा होकर अंधे का नेतृत्व करना है।"

यहां व्यापकता का आशय, इस फैसले का जनता पर पड़ने वाले व्यापक प्रभाव और आनुपातिकता का आशय, तार्किकता से है। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, शीर्ष अदालत में, विशेष रूप से, इस कदम के कानूनी पक्ष पर, अनेक सवाल उठाए गए हैं। याचिकाकर्ताओं ने निम्नलिखित व्यापक आधार उठाए:
० भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) अधिनियम की धारा 26(2) जो सरकार को किसी विशेष मूल्यवर्ग की सभी श्रृंखलाओं को कानूनी निविदा नहीं घोषित करने की अनुमति देती है, बहुत व्यापक है।
० निर्णय लेने की प्रक्रिया में गहरी खामी थी।
० सिफारिश (आरबीआई की संस्तुति, जिसके बारे में सरकार कहती है कि, उसने आरबीआई की सिफारिश पर यह फैसला किया है) ने प्रासंगिक कारकों पर विचार नहीं किया। 
० विमुद्रीकरण के घोषित उद्देश्यों को प्राप्त नहीं किया गया। यहां वही तीन महत्वपूर्ण उद्देश्य, कालाधन की बरामदगी, आतंकी फंडिंग को बाधित करना और नकली मुद्रा के संजाल को तोड़ना है। 
० यह कदम आनुपातिकता की कसौटी पर खरा नहीं उतरता है। 
सुप्रीम कोर्ट के अधिकार और शक्तियों पर टिप्पणी करते हुए पी चिदम्बरम ने कहा, "न्यायालय के पास इस फैसले के दौरान किए गए आदेशों निर्देशों और अन्य, राहत प्रदान करने की शक्तियां हैं।"

आज की सुनवाई में, आरबीआई की ओर से पेश, वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप गुप्ता ने कहा कि "याचिकाकर्ताओं की यह दलील कि, यह कदम जल्दबाजी में उठाया गया था, केवल विमुद्रीकरण को लागू करने के अंतिम निर्णय पर लागू होगा, न कि इसके पीछे की प्रक्रिया पर।"
सरकार के वकील, जयदीप गुप्ता ने जोर देकर कहा कि "आर्थिक नीति के निर्णय के लिए आनुपातिकता का सिद्धांत 'पूर्ण विकसित' तरीके से लागू नहीं होगा।" उन्होंने इस कदम पर किए गए उच्च व्यय के विवाद को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि "यह कानून पर एक तर्क नहीं है।"
आनुपातिकता के तर्क का आशय है, सरकार को इस कदम से आर्थिक हानि, संभावित, लाभ, जो उद्देश्य के रूप में गिनाए गए थे, अधिक हुई। एडवोकेट, जयदीप गुप्त, इसी लाभ हानि की आनुपातिकता पर अपनी बात कर रहे थे। 

एक सवाल, उठा था कि,  पुराने नोटों को नए नोटों से बदलने में देरी की गई थी। इस विंदु पर जयदीप गुप्ता ने कहा,
"फिर से मुद्रीकरण की योजना नहीं बनाई जा सकती है, जब तक कि विमुद्रीकरण बहुत पहले बड़े पैमाने पर न हो। अगले दिन सभी नोटों का आदान-प्रदान नहीं किया जा सकता। क्या यह कहा जा सकता है कि 86% नकदी का सफाया करने पर विचार किया जाना चाहिए? मैं सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करता हूं कि ये प्रश्न होने चाहिए  में नहीं जाना चाहिए।"
सरकार के पास इस बात का जवाब है ही नहीं कि क्या उसने इस बात का आकलन किया था कि, जब 86% मुद्रा केवल चार घंटे, (8 नवंबर 2016 की रात 8 बजे, प्रधानमंत्री का संदेश, 'आज रात बारह बजे से ₹1000 और ₹500 के नोट, लीगल टेंडर नहीं रहेंगे' याद कीजिए) की नोटिस पर, चलन से बाहर हो जायेंगे और, उन नोटों को बदलने के लिए उचित मात्रा में वैकल्पिक मुद्रा नहीं रहेगी तो, जो अफरातफरी मचेगी, उसका समाधान, सरकार के पास क्या होगा। अफरातफरी मची भी और इस अफरातफरी में लगभग 150 लोग मर गए, और अन्य आर्थिक नुकसान जो हुआ, वह तो अलग है ही। सरकार के एडवोकेट, इसी सवाल से बचने की कोशिश करते नजर आए। 

अदालत में, केंद्र सरकार की ओर से अटार्नी जनरल, आर वेंकटरमणी ने कहा कि "जिस तरह देश नियंत्रित अर्थव्यवस्था से बाजार संचालित अर्थव्यवस्था में परिवर्तित हुआ, उसी तरह नोटबंदी एक ढांचे से दूसरे ढांचे में जाने के लिए की गई थी।"
यहां अटॉर्नी जनरल यह बात नजरंदाज कर गए कि, नियंत्रित अर्थव्यवस्था से बाजार आधारित अर्थव्यवस्था में संक्रमण चार घंटे में नहीं हुआ था। यह संक्रमण 1991 के बाद जब पीवी नरसिंहराव प्रधानमंत्री और डॉ मनमोहन सिंह, वित्त मंत्री थे तो हर साल, बजट दर बजट हुआ और उसका लाभ भी देश को मिला। जबकि नोटबंदी से ऐसा नहीं हुआ। 
एजी ने आगे कहा कि, "इसके नोटबंदी के निर्णय के) पीछे की मंशा पर सवाल उठाने से नीति का सार कमजोर हो जाएगा।"

सुनवाई के दौरान जस्टिस, नागरत्न ने याचिकाकर्ताओं के वकील से पूछा,
"विद्वान एजी ने प्रस्तुत किया कि, केंद्र सरकार इसे एक मायोपिक (निकट दृष्टि) तरीके से नहीं देख सकती है। चूंकि केंद्र को राष्ट्रीय सुरक्षा को देखना है, काले धन की अर्थव्यवस्था से छुटकारा पाना है, तो क्या वे विमुद्रीकरण प्रक्रिया शुरू नहीं कर सकते?"
राष्ट्रीय सुरक्षा का विंदु सर्वोपरि है। साथ ही कालाधन भी एक बड़ी समस्या है। पर आज तक सरकार, इस विंदु पर कोई आंकड़ा नहीं दे पाई कि, कितना कालाधन, पकड़ा गया, काला धन, उपजे ही नहीं, इसके लिए क्या किया गया। अदालती बहस से अलग हट कर देखे तो, 2016 के बाद होने वाली राजनैतिक गतिविधियों जैसे ऑपरेशन लोटस आदि में जो अकूत धन, राजनीतिक दल द्वारा बहाया जा रहा है, वह सब काला या बिना हिसाब किताब का ही तो धन है।

इस पर पी चिदंबरम ने जवाब दिया कि, "आरबीआई गवर्नरों ने पहले ही, यह बात स्पष्ट कर दी थी कि, विमुद्रीकरण से उन दो उद्देश्यों को प्राप्त नहीं किया जा सकता है।"
आगे चिदंबरम कहते हैं, 
"उन्हें (कालाधन आदि को) कानून की पूरी ताकत से, ऐसा करना होगा। हम एक सफेद कमरे में एक काली बिल्ली की तलाश कर रहे हैं, और क्या वह बिल्ली मौजूद है, यह भी, हम नहीं जानते हैं। माई लॉर्डशिप देख सकते हैं, कि, (सरकार के) निर्णय लेने का आधार मनमाना था या नहीं और रहा सवाल, इस विंदु, काले धन और नकली नोट का तो, वे तो हमेशा बने रहेंगे। विमुद्रीकरण को कभी भी, मौद्रिक नीति का हिस्सा नहीं माना जाता है।"

चिदंबरम ने इस दलील का भी खंडन किया कि "विमुद्रीकरण को संसद द्वारा पारित एक कानून द्वारा मान्य किया गया था।"
उन्होंने कहा कि "केवल आरबीआई अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन में एक कानून पारित किया गया था।"
इस मामले में फैसला कल सुरक्षित रखे जाने की संभावना है। अभी सुनवाई जारी है। 

(विजय शंकर सिंह)

Sunday, 4 December 2022

कॉलेजियम सिस्टम और सरकार / विजय शंकर सिंह

सरकार को पता है संविधान के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट को असीमित शक्तियां प्राप्त हैं, और यह ताकत ही उन्हे सुप्रीम कोर्ट की तरफ से आशंकित किए रहती है, शेष सभी संवैधानिक संस्थाओं पर नियन्त्रण, जब तक कब्जे में, सुप्रीम कोर्ट/हाइकोर्ट न आ जाए, का, कोई विशेष अर्थ नहीं है। लगभग सभी महत्वपूर्ण जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता को चोट पहुंचाने के बाद, सरकार की नजरे इनायत, न्यायपालिका यानी सुप्रीम कोर्ट की ओर हुई है। 

अब सुप्रीम कोर्ट के वे विशेष अधिकार और शक्तियां, जो उसे संविधान से प्राप्त हैं, तो कम की नहीं जा सकतीं तो, क्योंकि संविधान का मूल ढांचा ही बदलना होगा, जो संभव नहीं है, लेकिन, थोड़ा बहुत नियंत्रण मनमाफिक जजों को नियुक्त कर के, लाया जा सकता है। अतः, अब सरकार जजों की नियुक्ति में अपना पूरा दखल चाहती है, पर वर्तमान सिस्टम उसमे बाधा बना हुआ है। इसीलिए कॉलेजियम की सिफारिश और सरकार के बीच एक रस्साकसी है। 

यह टकराव इसलिए भी है कि, वर्तमान सीजेआई चंद्रचूड़ का कार्यकाल लम्बा है, और जैसी उनकी छवि है, उसे देखते हुए सरकार आशंकित है कि, वह जजों की नियुक्ति में बेजा दबाव नहीं दे पाएगी। इसलिए न्यायपालिका की आजादी के नाम पर, कॉलेजियम सिस्टम के खिलाफ कानून मंत्री कुछ ज्यादा ही मुखर है। कानून मंत्री के बयानों पर, सरकार का अधिकतर मामलों में, पक्ष रखने वाले सीनियर एडवोकेट हरीश साल्वे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और यहां तक कह दिया कि, कानून मंत्री ने लक्ष्मण रेखा का उल्लंघन कर दिया है। 

लेकिन, क्या न्यायपालिका से आजादी की अपेक्षा रखने वाली सरकार ने, अन्य संवैधानिक संस्थाओं, यहां तक कि संसद तक की गरिमा और स्थिति को, ठेस नहीं पहुंचाई है? जिस तरह से राज्यसभा से किसान बिल पास कराया गया, क्या वह संसदीय प्रणाली के अनुरूप था? यह अलग बात है कि, एक लम्बे और संगठित जन प्रतिरोध के बाद, यह बिल बाद में सरकार द्वारा ही वापस ले लिया गया। अरुण जेटली के वित्तमंत्री काल में तो, एक वित्तीय बिल भी बिना पर्याप्त विचार विमर्श के पारित करा दिया। 

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के प्रमुख को लगातार मिलता सेवा विस्तार, सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन, (सीबीआई) निदेशक, का राफेल मामले पर, रातोरात हुआ तबादला, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, (आरबीआई) की मर्जी के बिना की गई नोटबंदी, निर्वाचन आयुक्त अरूण गोयल की, उनकी ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद की गई, त्वरित नियुक्ति, स्टैंडिंग कमेटी में बिना विचार विमर्श के कुछ महत्वपूर्ण कानूनों को, पारित करा देना, सरकार की  नीयत को स्पष्ट कर देते हैं।

साफ जाहिर होता है कि, सरकार संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता का कोई आदर नहीं करती है और हर हालत में उन्हे सरकार के एक विभाग के रूप के नियंत्रित करना चाहती है। सुप्रीम कोर्ट के पास ऐसी शक्तियां हैं जिससे वह, संवैधानिक संस्थाओं पर, सरकार के अतिक्रमण को विफल कर सकती है।

सरकार इसे जानती है कि, उसके हर कदम की सुप्रीम कोर्ट द्वारा न्यायिक समीक्षा की जा सकती है और की भी गई है। ऐसी स्थिति में उसे मनमाफिक 'न्याय' चाहिए। इसी कॉलेजियम सिस्टम में जब सरकार को मनमाफिक निर्णय मिलने लगते हैं तो वह फिर जजों की नियुक्ति पर थोड़ा खामोश हो जाती है। और जैसे ही असहज करने वाले फैसले और टिप्पणियां आने लगते है तो वह बजाय, उन फैसलों पर न्यायिक टिप्पणी करने के, कॉलेजियम सिस्टम पर सवाल उठाने लगती है। 

यह बात बिलकुल सही है कि, कॉलेजियम सिस्टम एक त्रुटिविहीन तंत्र नहीं है। एक बेहतर तंत्र लाया जाना चाहिए। लेकिन, सरकार की यह कवायद और आलोचना बेहतर तंत्र विकसित करने की नीयत से नहीं बल्कि, न्यायपालिका को भी नियंत्रित करने की नीयत से है जो, कानून बदल कर किया जाना संभव नहीं है तो, मनमाफिक आदमी ही बिठा कर, नियंत्रित करने की एक कोशिश है। सरकार की नियंत्रणवादी मनोवृत्ति को देखते हुए, फिलहाल तो, कॉलेजियम ही एक बेहतर तंत्र लगता है।

अब यह जिम्मेदारी, CJI और कॉलेजियम के अन्य जजों की है जो, वे इस व्यवस्था को कैसे तार्किक, पारदर्शी और त्रुटिहीन रखते हैं। फिलहाल तो सरकार का कॉलेजियम सिस्टम के प्रति दृष्टिकोण और विरोध, किसी सदाशय के कारण नहीं, बल्कि, न्यायपालिका पर परोक्ष रूप से नियंत्रण के उद्देश्य से है।

संविधान का अनुच्छेद 142 इस संदर्भ में पढ़ा जाना समीचीन होगा, 

० जब तक किसी अन्य कानून को लागू नहीं किया जाता तब तक सर्वोच्च न्यायालय का आदेश सर्वोपरि होगा।

० अपने न्यायिक निर्णय देते समय न्यायालय ऐसे निर्णय दे सकता है जो इसके समक्ष लंबित पड़े किसी भी मामले को पूर्ण करने के लिये आवश्यक हों और इसके द्वारा दिये गए आदेश संपूर्ण भारत संघ में तब तक लागू होंगे जब तक इससे संबंधित किसी अन्य प्रावधान को लागू नहीं कर दिया जाता है। 

० संसद द्वारा बनाए गए कानून के प्रावधानों के तहत सर्वोच्च न्यायालय को संपूर्ण भारत के लिये ऐसे निर्णय लेने की शक्ति है जो किसी भी व्यक्ति की मौजूदगी, किसी दस्तावेज़ अथवा स्वयं की अवमानना की जाँच और दंड को सुरक्षित करते हैं। 

(विजय शंकर सिंह)

Saturday, 3 December 2022

IFFI के ज्यूरी प्रमुख, नादव लैपिड ने, 'द कश्मीर फाइल्स' पर की गई टिप्पणियों को न तो वापस लिया और न ही इस फिल्म को, 'शानदार' बताया है / विजय शंकर सिंह

आल्ट न्यूज के एक लेख के अनुसार, 28 नवंबर को गोवा में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह के दौरान, एक इजरायली फिल्म निर्माता, ज्यूरी हेड नादव लैपिड ने फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को एक अश्लील, प्रचार फिल्म के रूप में वर्णित किया था, जिसकी प्रतिक्रिया पूरे देश में हुई थी। लैपिड की टिप्पणियों ने मीडिया का बहुत ध्यान आकर्षित किया। भारत में इस्राइल के राजदूत नौर गिलोन ने लैपिड को एक खुला पत्र लिखकर कहा कि उन्हें अपनी टिप्पणियों पर शर्म आनी चाहिए। फिल्म के निर्माता विवेक रंजन अग्निहोत्री ने अगले दिन खुद एक बयान जारी कर कहा कि अगर कोई 'बुद्धिजीवी' यह साबित करने में कामयाब रहा कि फिल्म का कोई दृश्य या संवाद सच नहीं है, तो वह फिल्में बनाना बंद कर देंगे।

जैसा कि अपेक्षित था, विवाद के बाद लैपिड का साक्षात्कार करने के लिए विभिन्न मीडिया हाउस पहुंचे।  उन्होंने इंडिया टुडे, सीएनएन-न्यूज18 और द वायर सहित मीडिया हाउस से बात की।  इन इंटरव्यू के संदर्भ में सोशल मीडिया पर खबरें तैरने लगीं कि लैपिड ने फिल्म के बारे में अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी है।  एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नादव लैपिड, अपनी टिप्पणियों से पीछे हट गए हैं और उन्होंने 'द कश्मीर फाइल्स' को एक 'शानदार फिल्म' कहा है।

फिल्म में अभिनय करने वाले अनुपम खेर ने लैपिड के कथित उद्धरण की विशेषता वाला एक ग्राफिक ट्वीट किया।  खेर ने लिखा, "आखिरकार सच की हमेशा जीत होती है!"  ग्राफिक हिंदुस्तान टाइम्स की एक समाचार रिपोर्ट पर आधारित है जिसमें दावा किया गया है कि एक साक्षात्कार के दौरान लैपिड ने फिल्म को 'शानदार फिल्म' कहा था। जिन अन्य लोगों ने इसकी रिपोर्ट की है उनमें एडिटरजी, एचटी एंटरटेनमेंट, टाइम्स और आरवीसीजे मीडिया शामिल हैं। फिल्म के निर्माता विवेक रंजन अग्निहोत्री ने एक टैब्लॉइड रिपोर्ट को कोट-ट्वीट किया और लिखा, "दुनिया का सबसे ईमानदार आदमी।"  रिपोर्ट के कैप्शन में कहा गया है कि लैपिड ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी थी।

इसके अतिरिक्त, NDTV ने लगभग इन्ही पंक्तियों के साथ एक ट्वीट किया है, जिसमें लिखा था, "'द कश्मीर फाइल्स' टिप्पणियों पर इजरायली फिल्म निर्माता"... एएनआई डिजीटल ने लिखा, "इजरायली फिल्म निर्माता नदव लापिड ने 'द कश्मीर फाइल्स' पर टिप्पणी के लिए माफी मांगी है।"

ऑल्ट न्यूज ने तथ्यों की जांच की। उनके फैक्ट चेक के अनुसार, 

"जब हमने NDTV और ZoomTv की रिपोर्ट पढ़ी, तो यह स्पष्ट हो गया कि नादव ने फिल्म पर अपनी टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगी है।  उन्होंने कहा कि अगर उनकी टिप्पणी पीड़ितों के परिजनों के लिए अपमानजनक है, तो इसके लिए वह माफी मांगते हैं।  उनके सटीक शब्द थे: "मैं किसी का अपमान नहीं करना चाहता था, और मेरा उद्देश्य कभी भी लोगों या उनके रिश्तेदारों का अपमान करना नहीं था, जो पीड़ित हैं।  मैं पूरी तरह से पूरी तरह से माफी मांगता हूं अगर उनकी व्याख्या इस तरह से की गई हो।"

CNN-News18 के इंटरव्यू पर आधारित News18 द्वारा प्रकाशित एक लेख में भी यही पढ़ा गया।

1 दिसंबर को प्रकाशित लैपिड द्वारा द वायर को दिया गया एक साक्षात्कार इन समाचार रिपोर्टों पर आधारित था।  10:30 मिनट पर इंटरव्यू लेने वाले करण थापर CNN-News18 का इंटरव्यू लेकर आते हैं।  जिस पर नादव ने जवाब दिया, "जैसा कि मैंने कहा था कि अगर उन्हें [रिश्तेदारों और पीड़ितों] को यह सोचने के लिए हेरफेर किया गया था कि मैं उनके प्रियजनों की स्मृति का अनादर करता हूं, या जो भयानक चीजें हुईं, मुझे वास्तव में खेद है।  बाद में, मैंने फिल्म के बारे में जो भी कहा, मैं उसका एक भी शब्द वापस नहीं ले रहा हूं।"

आगे कहा,
"मैंने कहीं पढ़ा है कि मैंने दावा किया है कि फिल्म शानदार है।  मेरा मतलब है कि ऐसा कहने के लिए मुझे पूरी तरह पागल और सिज़ोफ्रेनिक होना चाहिए।  मेरा मतलब है कि मैं पूरी तरह से विश्वास करता हूं और मैं अपने बयान के साथ पूरी तरह से खड़ा हूं।"

ऑल्ट न्यूज़ ने नादव लैपिड का इंडिया टुडे का साक्षात्कार भी देखा, जिसके आधार पर हिंदुस्तान टाइम्स ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की जिसमें दावा किया गया कि लैपिड ने, 'द कश्मीर फाइल्स' को एक 'शानदार फिल्म' कहा है।  इस साक्षात्कार में किसी भी बिंदु पर लैपिड ने अपना रुख नहीं बदला।  उन्होंने इस इंटरव्यू के दौरान फिल्म को कभी भी 'शानदार फिल्म' नहीं कहा।

वह कहते हैं, ''...मैं इस बात का पूरी तरह से सम्मान और स्वीकार करता हूं कि ऐसे कई लोग हैं जो इस फिल्म को पसंद करते हैं, जो सोचते हैं कि यह एक शानदार फिल्म है।  साथ ही मैं इस तथ्य का सम्मान करता हूं कि ऐसे लोग हैं जो मेरी फिल्मों के बारे में भयानक बातें सोचते हैं।  लेकिन एक फिल्म निर्माता के रूप में मेरी उपलब्धियों के कारण मुझे इस वर्ष ज्यूरी के अध्यक्ष के रूप में गोवा में आमंत्रित किया गया था।  फिल्मों के बारे में मेरी राय, मेरे विचार और ज्यूरी के विचार व्यक्त करने के लिए।  तो, ठीक उतना ही जितना लोगों को फिल्म पसंद है।"

संक्षेप में, भ्रामक समाचार रिपोर्टों और भ्रामक कैप्शन ने यह आभास दिया कि फिल्म निर्माता नदव लापिड ने फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की अपनी आलोचना के संबंध में अपना रुख बदल लिया है।

ज्यूरी प्रमुख नादव लैपिड के इस बयान एक, ज्यूरी के एक भारतीय के अतिरिक्त, जूरी सदस्यों ने एक बयान जारी कर लैपिड की टिप्पणियों का समर्थन किया है। 3 दिसंबर को, ज्यूरी के साथी सदस्य जिन्को गोटोह ने कश्मीर फाइलों पर लैपिड के रुख के लिए ज्यूरी के सभी विदेशी सदस्यों के समर्थन को व्यक्त करते हुए एक बयान ट्वीट किया है। द वायर के अनुसार, लैपिड ने द वायर से पुष्टि की कि, ट्विटर अकाउंट द्वारा दिया गया बयान प्रामाणिक है और ज्यूरी सदस्यों ने उन्हें उस बयान की एक प्रति ईमेल भी की है। बयान में कहा गया है: “उत्सव के समापन समारोह में, नादव लैपिड  , ज्यूरी अध्यक्ष ने, ज्यूरी सदस्यों की ओर से एक बयान दिया, जिसमें कहा गया था: "हम सभी 15 वीं फिल्म, द कश्मीर फाइल्स से परेशान और हैरान थे, जो हमें एक अश्लील प्रचार फिल्म की तरह महसूस हुई, जो एक कलात्मक प्रतिस्पर्धी के लिए अनुपयुक्त थी।  हम उनके बयान पर कायम हैं।  हम एक कलात्मक निर्णय दे रहे थे, और यह देखकर हमें बहुत दुख होता है कि, फिल्म महोत्सव के मंच को राजनीति के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है और बाद में नादव पर व्यक्तिगत हमले किये जा रहे हैं। 

फ्रांसीसी समाचार पत्र लिबरेशन के दिल्ली संवाददाता सेबस्टियन फ़ार्सिस के अनुसार, फ्रांसीसी फिल्म संपादक पास्कल चावांस ने नादव लैपिड को अपना पूरा समर्थन दिया। उनके अनुसार, "यह इतना स्पष्ट है कि यह एक प्रोपैगेंडा फिल्म है," उन्होंने उसके हवाले से कहा।  "मुस्लिमों को बिना किसी भेदभाव के राक्षसों के रूप में प्रस्तुत किया गया है।"  स्पेनिश निर्देशक जेवियर एंगुलो बार्टुरन ने भी अपनी सहमति व्यक्त की है और कहा है कि, "मैं पूरी तरह से सहमत हूं कि नादव लैपिड ने अपने भाषण में जी कहा, क्योंकि वह ज्यूरी के भीतर बहुमत की राय थी," 

लिबरेशन ने उन्हें यह कहते हुए उद्धृत किया, "15 वीं फिल्म से हम सभी परेशान और हैरान थे  द कश्मीर फाइल्स.  यह एक प्रोपेगैंडा और वल्गर फिल्म की तरह लगी, जो इस तरह के प्रतिष्ठित फिल्म समारोह के कलात्मक प्रतिस्पर्धी वर्ग के लिए अनुपयुक्त है।  इस मंच पर आपके साथ इन भावनाओं को खुले तौर पर साझा करने में मुझे पूरी तरह से सहज महसूस हो रहा है।" 
लैपिड ने गोवा में आईएफएफआई के समापन समारोह में कहा था, "इस उत्सव की भावना में, निश्चित रूप से एक महत्वपूर्ण चर्चा को भी स्वीकार किया जा सकता है, जो कला और जीवन के लिए आवश्यक है।" 
लैपिड ने आश्चर्य व्यक्त किया कि "फिल्म को स्क्रीनिंग के लिए चुना गया था।" 
इज़राइली अखबार हारेट्ज़ को दिए एक साक्षात्कार में, उन्होंने कहा कि "उनका मानना ​​है कि फिल्म को "राजनीतिक दबाव" के कारण फिल्म फेस्टिवल की आधिकारिक प्रतियोगिता में भेजा गया,  था।" 

लैपिड को दक्षिणपंथी टिप्पणीकारों, कुछ मुख्यधारा के भारतीय मीडिया आउटलेट और इज़राइल से आलोचना भी मिली है। भारतीय फिल्म निर्माता सुदीप्तो सेन, जो पांच सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म जूरी में एकमात्र भारतीय हैं, जिन्होंने,  लैपिड के बयान से खुद को और अन्य सदस्यों को दूर करने की मांग की, यह कहते हुए कि यह लैपिड का निजी बयान था।"  
सुदीप्तो सेन ने ट्विटर पर लिखा, "53वें आईएफएफआई के समापन समारोह के मंच से आईएफएफआई 2022 जूरी के अध्यक्ष श्री नादव लैपिड द्वारा फिल्म कश्मीर फाइल्स के बारे में जो कुछ भी कहा गया है, वह पूरी तरह से उनकी निजी राय थी।"  
लेकिन, ज्यूरी के अन्य सदस्यों द्वारा अब, सुदीप्तो सेन के इस बयान का खंडन कर दिया गया है। पेरिस से द वायर के लिए करण थापर के साथ 32 मिनट के एक साक्षात्कार में, लैपिड ने कहा था कि "बोलना उनका "कर्तव्य" और "दायित्व" है। "मुझे स्पष्टवादी होने के लिए आमंत्रित किया गया था, घमंड के बारे में बोलने के लिए नहीं,"
यह लेख, आल्ट न्यूज़ और द वायर मे इसी विषय पर छपे दो लेखों मे दिये गए तथ्यों पर आधारित है। 

(विजय शंकर सिंह)

Friday, 2 December 2022

उधार के प्रवक्ता / विजय शंकर सिंह

प्रवक्ता के लिए पढ़े लिखे होने के साथ साथ, असली डिग्री भी होनी चाहिए। पहले समाजवादी गौरव भाटिया मिले अब कांग्रेसी शेरगिल। 8 साल में कोई फासिस्ट सोच का प्रवक्ता ही ढूंढ लिए होते तो उधार का प्रवक्ता तो नहीं बटोरना पड़ता। पर फासिज्म, को तो, शिक्षा और बौद्धिक विमर्श से ही घृणा है।

किसी भी फासिस्ट मानसिकता की पार्टी, को तथ्यों के प्रस्तुतिकरण और गंभीर विमर्श के लिए प्रवक्ता नहीं चाहिए। उन्हे चाहिए ट्रोल और गालीबाज जो गालियों में ही पोषक तत्व ढूंढ ले। उन्हे न तो तथ्यों का अनुसंधान करना है और न ही अपनी नीतियों की व्याख्या करनी है। क्योंकि नीतियां हैं ही नहीं और अनीतियों की व्याख्या की नहीं जा सकती है। उन्हे, बस ट्रोल करना है।

यह प्रवक्ता भी आपको गोदी मीडिया पर ही नज़र आयेंगे। ये वैसे किसी यूट्यूब चैनल पर कम ही दिखेंगे। गोदी मीडिया के एंकर वैसे हैं तो पढ़े लिखे, उनकी डिग्री भी फर्जी नहीं है, पर वे करें भी क्या, उनका मालिक बोला लाइट कैमरा एक्शन, वे स्क्रिप्टानुसार बोलने लगे।

फिर चाहे, नोट में चिप हो या न हो, एम्बुलेंस में मरीज हो या न हो, प्रवक्ता/एंकर की जुगुलबंदी दिखती है। कभी कभी टीवी चैनल मैं इसलिए भी देखता हूं कि, गिरावट का फर्श तो दिखे कि ये कहां जाकर टिकते हैं। 
एक शेर याद आ गया, 
तनज्जुल की हद देखना चाहता हूं,
कि शायद वहीं हो तरक्की का जीना।

इसीलिए गौरव भाटिया जैसे, पढ़े लिखे, असली डिग्री वाले प्रवक्ता भी बीजेपी में आकर संबित मॉडल पर चलने लगते है। मुझे हैरानी होती है कि, समाजवाद से फासीवाद की ओर जाने के बाद क्या ये प्रवक्ता अपना दिमाग फैक्ट्री सेटिंग पर कर देते हैं या, तब भी झूठ बोलते थे और अब भी झूठ बोल रहे है।

अब शेरगिल को ही लीजिए। कहां तो गांधीवादी विचारधारा की कांग्रेस का पक्ष रख रहे थे अब वे गांधी विरोधी विचारधारा को जस्टिफाई करेंगे। कल तक मोदी सरकार को तानाशाह बता रहे थे, अब उन्हे लोकतंत्र का प्रहरी साबित करेंगे। वैचारिकी पर आधारित राजनीतिक दल न हुए मार्केटिंग कंपनिया हो गई !

वैचारिक प्रतिबद्धता तो राजनीतिक दल के नेता/प्रवक्ता के लिए अनिवार्य शर्त है। कैसे रातोरात किसी की विचारधारा बदल जाती है? 
धूमिल की कविता मोचीराम की याद आ गई,

जिंदगी जीने के पीछे, 
अगर, सही तर्क नहीं है तो, 
रामनामी दुपट्टा बेच कर, 
या रंडियों की दलाली करके,
जीने में कोई फर्क नहीं है। 

(विजय शंकर सिंह)

ईडी निदेशक, के तीसरे सेवा विस्तार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका / विजय शंकर सिंह

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के वर्तमान निदेशक संजय कुमार मिश्रा को दिए गए कार्यकाल के तीसरे विस्तार को चुनौती देते हुए 1/12/22 को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष एक नई याचिका दायर की गई है। जया ठाकुर द्वारा दायर इस याचिका में कहा गया है कि मिश्रा को दिया गया तीसरा सेवा विस्तार, शीर्ष अदालत के आदेशों का उल्लंघन है और "हमारे देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नष्ट कर रहा है।"

सुप्रीम कोर्ट, पहले से ही संजय कुमार मिश्र को, दिए गए एक्सटेंशन की वैधता को चुनौती देने वाली दलीलों के याचिकाएं सुन रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अपने सितंबर 2021 के फैसले में मिश्रा को और विस्तार देने के खिलाफ फैसला सुनाया था।

सेवा विस्तार का किस्सा, इस प्रकार है। संजय कुमार मिश्र को पहली बार, नवंबर 2018 में दो साल के कार्यकाल के लिए ईडी निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। दो साल का कार्यकाल नवंबर 2020 में समाप्त हो गया था। मई 2020 में, वह 60 वर्ष की सेवानिवृत्ति की आयु तक पहुंच गए थे।

हालाँकि, 13 नवंबर, 2020 को केंद्र सरकार ने एक कार्यालय आदेश जारी किया जिसमें कहा गया कि, राष्ट्रपति ने 2018 के आदेश को इस आशय से संशोधित किया था कि 'दो साल' की अवधि को 'तीन साल' की अवधि में बदल दिया गया था। इस मामले को, एक एनजीओ कॉमन कॉज ने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने संशोधन को मंजूरी देते हुए आगे के विस्तार न करने के निर्देश के साथ सेवा विस्तार के खिलाफ अपना फैसला सुनाया था।

पिछले साल, 2021 में, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद, केंद्र सरकार ने केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) अधिनियम में संशोधन करते हुए एक अध्यादेश जारी किया, जिसमें खुद को ईडी निदेशक के कार्यकाल को पांच साल तक बढ़ाने का अधिकार दिया गया था। इस अध्यादेश को, सुप्रीम कोर्ट में, चुनौती दी गई और वे याचिकाएं अभी लंबित हैं और उनकी सुनवाई चल रही है। 

इस तरह की और भी याचिकायें हैं, जिनकी सुनवाई के दौरान, केंद्र सरकार ने एक, हलफनामा पेश किया था, जिसमें कहा गया था कि, (सेवा विस्तार की) याचिकाएं राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं, क्योंकि याचिकाकर्ता उन राजनीतिक दलों से संबंधित हैं जिनके नेता वर्तमान में ईडी के दायरे में हैं। इस प्रकार, सरकार ने सेवा विस्तार के आदेश का बचाव किया, यह कहा कि, "सेवा विस्तार इस लिए किया गया है कि, एक प्रमुख जांच और प्रवर्तन (इंफोर्समेंट) एजेंसी द्वारा जांच किए जाने वाले विशेष जांच कार्य एक सतत प्रक्रिया होते है, और संगठन का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति का कार्यकाल दो से पांच साल का होना चाहिए।"

न्यायमूर्ति संजय किशन कौल द्वारा पिछले महीने याचिकाओं की सुनवाई से खुद को अलग कर लेने के बाद से यह मामला लंबित है। इसी बीच, इस साल 17 नवंबर को संजय कुमार मिश्रा को एक और साल का और सेवा विस्तार दिया गया था, जिसे जया ठाकुर ने अपनी इस याचिका के माध्यम से चुनौती दी है। जया की दलील में कहा गया है कि, "केंद्र सरकार इस तरह के कदम के जरिए देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को खत्म कर रही है। भारत संघ इस दलील की शरण नहीं ले सकता है कि महत्वपूर्ण विस्तार लंबित हैं।"
याचिकाकर्ता ने आगे कहा कि पद के लिए सक्षम अधिकारी जब उपलब्ध हैं, जो इस तरह के सेवा विस्तार के का कोई कारण नहीं है। 

सेवा विस्तार का प्राविधान विशेषकर तकनीकी मामलों और ऐसे कार्यों में लगे हुए अधिकारियों के लिए किया गया है जहां, विकल्प का अभाव हो, और कार्य की प्रकृति ऐसी हो कि, उसे बीच में छोड़ा नहीं जा सकता हो। पर ईडी प्रमुख का पद न तो विकल्पहीन है और न ही उनके द्वारा संपन्न किए जा रहे कार्यों की प्रकृति ऐसी है कि, संजय मिश्र के उक्त पद पर न रहने के कारण, वह कार्य बाधित हो जाएगा। ईडी प्रमुख भारतीय राजस्व सेवा आईआरएस कैडर से आता है और इस पर आईपीएस अधिकारी भी नियुक्त हो सकते हैं। आईआरएस और आईपीएस, दोनों ही एक नियमित कैडर हैं, एक पैनल द्वारा उन कैडर्स से, कोई भी वरिष्ठ अफसर, ईडी प्रमुख के रूप में चुना जा सकता है। आखिर संजय कुमार मिश्र जी भी तो आईआरएस कैडर से ही तो अपनी योग्यता के आधार पर चुने गए हैं। तो क्या यह मान लिया जाय कि, उनके बाद अब पूरा आईआरएस या आईपीएस कैडर ही बंजर हो गया है !

ईडी के राजनीतिक दुरुपयोग की एक आम शिकायत है और अब तो हालत यह हो गई है कि, जैसे ही ईडी किसी विपक्षी नेता के घर छापे मारने जाती है वैसे ही यह धारणा बनने लग जाती है कि, यह छापा राजनीतिक उद्देश्य से अधिक प्रेरित है न कि किसी आर्थिक उद्देश्य से। इसका कारण है, पिछले आठ सालों में पड़ने वाले छापों में 94% छापे विपक्षी दलों के नेताओं पर पड़े हैं। चुनी हुई सरकार गिराने की नीति के रूप में बीजेपी का ऑपरेशन लोटस, के साथ ईडी की सक्रिय सहभागिता के आरोप अक्सर लगते रहते हैं। ऐसे आरोपों से, न केवल किसी भी जांच एजेंसी की साख प्रभावित होती है बल्कि, इससे आर्थिक अपराधी भी अपने बचाव के लिए राजनीतिक गोलबंदी में शामिल होने लगते हैं। 

इस तरह का अप्रत्याशित और जिद भरा सेवा विस्तार, जो ईडी प्रमुख की अपरिहार्यता के नाम पर बार बार दिया जा रहा है, वह उनकी प्रोफेशनल अपरिहार्यता कम, बल्कि उनकी राजनीतिक दलगत निकटता अधिक प्रदर्शित करता है। सरकार का यह कहना कि, जांच प्रक्रिया में, उनके न रहने से बाधा पड़ेगी, यह तर्क गले नहीं उतरता है। या तो ईडी प्रमुख खुद ही किसी ऐसे मिशन पर हों, जिनके न रहने पर उस मिशन को नुकसान पहुंच सकता है, तब तो बात अलग है, अन्यथा उनके पद पर न रहने पर भी ईडी की कार्यप्रणाली पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है।

ईडी का अपना कोई कैडर नहीं है और वहां नियुक्त सभी वरिष्ठ अधिकारी, अन्य सेवाओं के कैडर से लिए जाते हैं। संजय कुमार मिश्र भी जब ईडी में आए होंगे, अपनी योग्यता के ही आधार पर आए होंगे तो क्या अब आईआरएस कैडर में ईडी निदेशक के पद के लिए कोई अन्य योग्य अफसर ही नहीं बचा है, जो इस महत्वपूर्ण पर विवादित हो रही जांच एजेंसी के प्रमुख का पद संभाल सके? एक बात और, इस तरह के जिद भरे सेवा विस्तार का असर, उसी कैडर के वरिष्ठ अफसरों के मनोबल पर भी पड़ता है। 

(विजय शंकर सिंह)

Thursday, 1 December 2022

एनडीटीवी का अधिग्रहण और पत्रकारिता का जनपक्ष / विजय शंकर सिंह

एक नज़र, एनडीटीवी के अधिग्रहण पर।
० आरआरपीआर (राधिका रॉय प्रणय रॉय) होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड, जो  एनडीटीवी की प्रमोटर फर्म थी, अपनी इक्विटी पूंजी का 99.5% अदानी समूह को स्थानांतरित करती है।

० इसके बाद, प्रणय रॉय और राधिका रॉय ने, जिसके पास न्यूज चैनल में 29.18% हिस्सेदारी है, आरआरपीआर के निदेशक पद से इस्तीफा दे देते हैं।

० अदानी समूह, 22 नवंबर 2022 से 5 दिसंबर 2022 के बीच, NDTV में 26% हिस्सेदारी के लिए एक खुला ऑफर देता है। बहुसंख्यक शेयर हासिल करने के लिए कॉर्पोरेट को इसमें से सिर्फ 21.82% शेयरों की आवश्यकता है।  

० सोमवार, 29 नवंबर 2022 को, शेयर बाजार बंद होने तक, अडानी ने, 168 लाख शेयरों में से, 53 लाख, यानी 31.78% शेयर की बोलियां, ओपन ऑफर में लगाईं।
यहां एक विरोधाभास है कि, जब, खुदरा शेयरधारकों के लिए ₹294 की खुली पेशकश कीमत आज के बंद बाजार मूल्य ₹446.30 की तुलना में लगभग 34% कम थी, तब ऐसा लगता है कि एनडीटीवी के, शेयरों, खुदरा और कॉर्पोरेट दोनों - का अडानी समूह की ओर, एक नियमित प्रवाह था। 

० इस बीच, रॉय परिवार, जिसके पास एनडीटीवी, में, 32.26% हिस्सेदारी है, उसने, एनडीटीवी के बोर्ड से इस्तीफा नहीं दिया। हालांकि, गौतम अडानी ने, यह बात ऑन रिकार्ड कही थी कि, उन्होंने प्रणय रॉय को, एनडीटीवी प्रमुख के रूप में बने रहने के लिए खुद ही कह दिया है। 
लेकिन, यह सिर्फ यह बताने के लिए कि, एनडीटीवी, NDTV गंभीर वित्तीय संकट में नहीं है। वित्तीय वर्ष, 2022 में, एनडीटीवी ने ₹421 करोड़ का राजस्व दर्ज किया और साथ ही, ₹123 करोड़ का EBITDA, और ₹85 करोड़ का शुद्ध लाभ - नगण्य ऋण के साथ भी कम्पनी को हुआ। 

कॉर्पोरेट के क्षेत्र में, इस प्रकार के अधिग्रहण को, शत्रुतापूर्ण अधिग्रहण (Hostile takeover) कहा जाता है। एनडीटीवी ने कर्ज लिया था और कर्ज के एवज में, उसने शेयर देने का वादा भी किया था, और एक ईमानदार कर्जदार के नाते प्रणव रॉय को, कर्ज समय पर चुकाना भी चाहिए था। आखिर यह कोई सरकारी बैंक द्वारा लिया गया कर्ज तो था नहीं, जिसे एक मेहरबान सरकार, एनपीए की आड़ में माफ कर देती !अतीत में लिए, इस एक कर्ज के परिणामस्वरूप, एनडीटीवी को, इस अधिग्रहण का, यह अवर्णनीय विस्फोट झेलना पड़ा। यह सब पूंजीवाद की अनिवार्य विसंगतियां है जिसे प्रोफेशनल हेजार्ड यानी पेशेवराना खतरे कहा जा सकता है। एनडीटीवी को दिए गए, एक ऋण के एवज में, जिसे अडानी ने चुपके से, उन शेयर के साथ, जो निवेशक ने, ऋण चुकाने के बदले में रखे थे, को अधिग्रहित कर लिया। यहां पर रॉय परिवार को, हम अपना किला बचाने के अंतिम जद्दोजहद करते हुए देख सकते हैं। 

अडानी समूह ने जिस सफाई और व्यापारिक चालाकी से ऑपरेशन एनडीटीवी को अंजाम दिया, उसकी प्रशंसा भी लोग करेंगे। एक क्रोनी कैपिटलिस्ट, जो खुद, एक विनाशकारी कर्जे में डूबा हुआ है, वह अपने कर्ज की वसूली के लिए, एक कंपनी का शत्रुतापूर्ण अधिग्रहण, सिर्फ इसलिए कर लेता है, ताकि, कुछ हद तक, एक विरोधी दृष्टिकोण वाले मीडिया हाउस को मैनेज किया जा सके ! लेकिन यह सब किसके इशारे पर हो रहा है और, सत्ता प्रतिष्ठान विरोधी पत्रकारिता से, असहज कौन हो रहा है, यह बात, छिपी ढंकी नहीं है, बल्कि अयां है। अडानी समूह को कर्ज देने वाले सरकारी बैंक, यदि आज इसी पैटर्न और मॉडल पर अपनी कर्ज वापसी के लिए सक्रिय हो जाएं तो, यह समूह भी पुनर्मूशिको भव हो जायेगा। लेकिन, फिलहाल ऐसा होगा नहीं। 

एनडीटीवी का अधिग्रहण एक सामान्य कॉर्पोरेट अधिग्रहण नहीं है और न ही यह अडानी समूह का मीडिया में प्रवेश करने का कोई इरादा या मिशन। बड़े कॉर्पोरेट संस्थान, अखबारों और टीवी चैनलों में रुचि रखते रहे हैं पर, उसका कारण उस अखबार या चैनल से, उनका लक्ष्य, मुनाफा कमाना उतना नहीं रहा है, जितना कि एक दबाव ग्रुप और पीआर हब का निर्माण करना रहा है। दबाव ग्रुप का लाभ, अन्य व्यावसायिक सौदों में लेना कॉर्पोरेट संस्थानों की एक सामान्य फितरत है। यह फितरत, कॉर्पोरेट की कार्यशैली का एक स्थापित अंग है। एनडीटीवी का अधिग्रहण एक ऐसे कॉर्पोरेट द्वारा किया गया है, जो पत्रकारिता और मीडिया हाउस के बिजनेस में, लगभग अनुभवहीन है। आगे, चाहे जो हो, पर,  एनडीटीवी का यह अधिग्रण, एक उदार समझे जाने वाले, टीवी चैनल के अवसान के रूप में भी, देखा जा सकता है। 

आज, ₹2000 में चिप, स्वर्ग की सीढ़ी, प्रधानमंत्री का अनवरत दुंदुभिवादन,, जनता के जीवन से जुड़े असल मुद्दों पर शर्मनाक चुप्पी, सरकार को कठघरे में खड़ा करने के बजाय, उसके चौखट पर ही साष्टांग लेट जाने वाली 'छद्म' पत्रकारिता के इस स्याह काल में, एनडीटीवी का स्टैंड, तमाम व्यवसायगत मजबूरियों के बावजूद, एक उदार और प्रतिरोधी पत्रकारिता का रहा है। व्यवसाय के अनेक अनिवार्य और मजबूरी भरे समझौतों के बीच भी, इस चैनल ने, जनता की आवाज को समय समय पर उठाया है और सरकार को, जब अन्य टीवी चैनल 'धन्य धन्य साधु साधु' के प्रशस्ति गायन से, मोह तंद्रा में, आनंदित कर रहे थे, तो, कुछ तो खलल, उनके ख्वाबगाह में, पहुंचाया ही है। सरकार को इस चैनल और विशेषकर एनडीटीवी के, प्राइम टाइम जैसे कुछ अन्य, कार्यक्रमों ने, अकसर असहज किया है और, ऐसी चर्चा है कि, उसी आंख की किरकिरी को, दूर करने के लिए, एक चहेते कॉर्पोरेट को, आगे किया गया और यह शत्रुतापूर्ण अधिग्रहण का जाल बुना गया। 

मीडिया के इतिहास में, बहुत से नए टीवी चैनल शुरू हुए होंगे और बहुतों, का अधिग्रहण भी हुआ होगा। पत्रकार भी बहुत से चैनल छोड़ कर अलग हुए होंगे और यह सिलसिला आगे भी चलता रहेगा। पर एनडीटीवी के अधिग्रहण और रवीश कुमार के इस्तीफे पर, स्वतंत्र और जनोन्मुख पत्रकारिता के पक्ष में, जिस प्रकार की स्वयंस्फूर्त प्रतिक्रिया सामने आई है या, आ रही है, वह इस बात का सुखद संकेत है कि, उदारता और जनवादी संस्कृति को नष्ट कर देने के, इस फासीवादी उद्यम के बावजूद, अभी बहुत कुछ शेष बचा है। सबसे बड़ी बात एक जिजीविषा बची है। ख्वाब देखने और बुनने की आदत बची है। कवि, नीरज की एक पंक्ति याद आ रही है, "कुछ सपनो के मर जाने से, जीवन नहीं मरा करता है।"

मीडिया या पत्रकारिता में, जनता अपना स्वर ढूंढती है। वह चाहती है कि, उसकी मुसीबतों, समस्याओं, और उसकी बात सुनी और सुनाई जाय, पढ़ी और पढ़ाई जाय। सरकार तक उसकी गुहार पहुंचाई जाय। पर जब मीडिया अपने इस दायित्व से विमुख होने लगती है और पत्रकारिता, जनता के बजाय सरकार की बात, कहने सुनने लग जाती है तो, उस तिमिर में भी यदि, जनता को कहीं से, रोशनी की एक किरण फूटती हुई नजर आती है तो, वह उसे आश्वस्त करती है, साहस देती है, और हिम्मत बंधाती है। तमाम टीवी चैनलों के बीच एनडीटीवी की आवाज अकसर, ऐसी ही आश्वस्त करने वाली रही है। 

ऐसा बिल्कुल भी नहीं है कि, देश में जनपक्षधर पत्रकारों की कमी है। छोटे छोटे अखबारों से लेकर, स्वतंत्र पत्रकारिता करते हुए यूट्यूबर तक, अनेक प्रख्यात, ज्ञात, अज्ञात और अल्पज्ञात पत्रकार, जनता की बात सामने रख रहे हैं। सरकार इनसे भी असहज हो रही है और अब भी वह कोई न कोई ऐसा दांव सोच रही है, जिससे यह जुबाबंदी की जा सके। पर यह फिलहाल न तो संभव है और न ही, मुझे, उम्मीद है कि, भविष्य में ऐसा होगा। अंत में फैज अहमद फैज की अमर नज़्म की कुछ पंक्तियां प्रस्तुत हैं।

"बोल ये थोड़ा वक़्त बहुत है
जिस्म-ओ-ज़बाँ की मौत से पहले
बोल कि सच ज़िंदा है अब तक
बोल जो कुछ कहने है कह ले
बोल कि लब आजाद हैं मेरे !!" 

(विजय शंकर सिंह)